कहीं पिता तो कहीं मुंहबोले दादा ने की अस्मत तार-तार
दक्षिण 24 परगना जिले के विष्णपुर और कोलकाता के करया थाना क्षेत्र में कहीं पिता तो कहीं मुंहबोले दादा ने अस्मत तार-तार कर दी।
जागरण संवाददाता, कोलकाता : दक्षिण 24 परगना जिले के विष्णपुर और कोलकाता के करया थाना क्षेत्र में कहीं पिता तो कहीं मुंहबोले दादा ने अस्मत तार-तार कर दी। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
पहली घटना करया थाना क्षेत्र की है। यहां एक दंपति अपनी 13 वर्षीया बेटी के साथ रहता है। एक माह पहली किशोरी की मां गांव चली गई, लेकिन पढ़ाई होने के कारण बेटी को पिता के पास ही छोड़ गई। विगत गुरुवार को जब वह गांव से वापस आई तो बेटी के स्वभाव में परिवर्तन देखा। बेटी को गुमशुम देख मां को संदेह हुआ। उसने बेटी से कारण पूछा तो वह रोने लगी और पूरी आपबीती बताई। उसने कहा कि जिस दिन मां गांव के लिए ट्रेन पकड़ कर रवाना हुई, उसी रात पिता ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया। यह सिलसिला लगातार चला और बुधवार तक उसने शारीरिक संबंध बनाया। बेटी के मुंह से पति की हैवानियत सुनकर पैरों तले जमीन खिसक गई। वह रात में ही बेटी को साथ लेकर करया थाने पहुंची और पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। इसी आधार पर कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को पुलिस ने आरोपित पिता को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
दूसरी घटना विष्णुपुर में घटी। यहां देवाशीष घोष नामक 50 वर्षीय व्यक्ति के घर के पास ही पांच वर्ष की बच्ची रहती थी। वह देवाशीष को दादा पुकारती थी। काफी अच्छे संबंध होने के कारण बच्ची की मां अक्सर बेटी उसके पास ही छोड़ देती थी। वह वहीं सोती-खाती भी थी। गत गुरुवार को भी बच्ची देवाशीष के घर सोने चली गई थी। कथित रूप से देवाशीष ने बच्ची का यौन शोषण किया। शुक्रवार सुबह बच्ची अपने घर आई और मां को देवाशीष की करतूत बता दी। तुरंत महिला बच्ची को लेकर थाने पहुंची और देवाशीष के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तत्काल आरोपित देवाशीष को गिरफ्तार कर लिया।