ढलती उम्र में भी मतदान का रहा जोश
आजकल मतदान के प्रति जब कई युवा उम्र के लोग भी कोई दिलचस्पी नही
विजय शंकर वर्मा, खड़गपुर : आजकल मतदान के प्रति जब कई युवा उम्र के लोग भी कोई दिलचस्पी नहीं दिखाते हैं, लेकिन इसके विपरीत ढलती उम्र में भी कई महिलाओं को मतदान के प्रति काफी जागरूक देखा गया है। लोकसभा चुनाव के दिन रविवार को हर मतदान केंद्रों में उम्रदराज वृद्ध महिला-पुरुष मतदाता भी उत्साह पूर्वक मतदान के लिए पहुंचे।
खड़गपुर के पंचबेड़िया स्थित लोहानिया हाई मदरसा में दो वृद्ध महिलाएं अंजुमन अख्तर व नसीमा अख्तर ने भी इस दिन उत्साहपूर्वक मतदान किया। मतदान के बाद मीडिया के समक्ष महिलाओं ने स्याही लगी हुई उंगली को भी प्रसन्नता पूर्वक दिखाया गया। महिलाओं ने कहा कि हर चुनाव में हमलोग मतदान करने से हमलोग कभी भी पीछे नहीं रहते हैं। लोकतंत्र में मतदान करना हर मतदाता के लिए अपने अधिकार के साथ ही एक परम कर्तव्य भी है। यदि हम मतदान ही नहीं करेंगे, तो लोकतंत्र का फिर कोई वजूद ही नहीं रह पाएगा। इसलिए लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान अति आवश्यक है। ढलती उम्र में भी मतदान के लिए मतदान केंद्र पहुंचने पर लोगों ने महिलाओं की सराहना की। वहीं वार्ड-17 हितकारिणी स्कूल सहित अन्य मतदान केंद्रों में भी कई उम्रदराज महिला व पुरुष मतदाताओं को मतदान के लिए उत्साहपूर्वक जाते देखा गया। इसके अलावा तालाबगीचा प्राइमरी स्कूल में मतदान करने के लिए स्थानीय एक वृद्धा बीमार होने के बावजूद ह्वील चेयर के सहारे पहुंचीं। मतदान के लिए महिलाओं के जज्बे की सभी ने प्रशंसा की।