अचानक बेलदा कॉलेज पहुंचे सोमेन महापात्र
पश्चिम बंगाल के जल संसाधन मंत्री सोमेन महापात्र शनिवार को अचानक पश्चिम मे
संवाद सूत्र, मेदिनीपुर : पश्चिम बंगाल के जल संसाधन मंत्री सोमेन महापात्र शनिवार को अचानक पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत खड़गपुर तहसील के बेलदा कॉलेज पहुंचे। उन्होंने पदाधिकारियों से मिल कर विकास से संबंधित जानने की कोशिश की।
भारी बारिश और खराब मौसम के चलते दूसरे शिक्षण संस्थानों के साथ ही बेलदा कॉलेज में भी छात्रों की उपस्थिति नगण्य थी। आधिकारिक तौर पर संस्थान की ओर से मौसम साफ न होने तक छुट्टी घोषित की जा चुकी थी। संस्थान में केवल प्राध्यापक व अन्य कर्मचारी उपस्थित थे। इस बीच सोमेन महापात्र के संस्थान पहुंचने से परिसर में अफरा -तफरी मच गई, क्योंकि वे कॉलेज उन्नयन कमेटी के चेयरमैन भी हैं। संस्थान के प्राचार्य डॉ. मानवेंद्र मंडल ने उनका स्वागत किया। महापात्र ने कहा कि उन्नयन कमेटी के अध्यक्ष के नाते वे संस्थान आए। उनकी रुचि केवल विकास से जुड़ी समस्या जानने में रही। बेहतर होता यदि इस दौरान उनकी छात्रों से भी मुलाकात होती, लेकिन खराब मौसम के चलते वे विद्यार्थियों से नहीं मिल सके। उन्हें संस्थान में चल रहे विकास कार्य की जानकारी मिली है। समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संस्थान का माहौल बेहतर बनाए रखने के लिए हर किसी का सहयोग जरूरी है।