समुद्र में लापता मत्स्यजीवियों की तलाश जारी
बंगाल की खाड़ी में ट्रॉलर के दुर्घटनाग्रस्त होने से समुद्र में लापता मत्स्यज
संवाद सूत्र, हल्दिया : बंगाल की खाड़ी में ट्रॉलर के दुर्घटनाग्रस्त होने से समुद्र में लापता मत्स्यजीवियों की तलाश में भारतीय तटरक्षक बल के जवान गुरुवार को भी जुटे रहे। हालांकि समाचार प्रेषण तक कामयाबी नहीं मिल पाई थी। दक्षिण चौबीस परगना जिले के फ्रेजरगंज के निकट पिछले दिनों समुद्री ट्रॉलर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। जिसके चलते 19 लोगों के बह जाने की आशंका व्यक्त की जा रही थी। इस बीच 8 मत्स्यजीवियों के शव बुधवार तक बरामद कर लिए गए, लेकिन 11 लापता लोगों का पता नहीं लग पाया। इससे मत्स्यजीवियों के परिजन खासे परेशान नजर आए। उनका कहना था कि मछली पकड़ कर ही उनके परिवार का गुजारा होता था। अभिभावकों की मौत परिवार के लिए वज्रपात के समान होगा। सबसे बड़ी बात यह कि लापता लोगों का कोई पता नहीं लग पा रहा है। इस परिस्थिति में मुआवजा या किसी भी सरकारी सुविधा के लिए उन्हें सात साल का इंतजार करना पड़ेगा। भारतीय तटरक्षक बल के डीआइडी एएम वारसी ने कहा कि लापता मत्स्यजीवियों की खोज जारी है। जल्द ही जवानों को कामयाबी मिलेगी।