महिला सुरक्षा का संदेश देगा आरपीएफ का दुर्गोत्सव
दक्षिण पूर्व रेलवे अंतर्गत में खड़गपुर में मंडल रेलवे सुरक्षा बल क
जागरण संवाददाता, खड़गपुर :
दक्षिण पूर्व रेलवे अंतर्गत में खड़गपुर में मंडल रेलवे सुरक्षा बल की ओर से भी हर वर्ष दुर्गोत्सव का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी दुर्गापूजा को लेकर खड़गपुर के साउथ साइड में स्थित आरपीएफ लाइन में पंडाल निर्माण का कार्य जोरों पर जारी है। रेलवे सुरक्षा बल की ओर से इस वर्ष महिला सुरक्षा पर आधारित थीम के अनुसार पंडाल बनाया जा रहा है। महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा हेतु पंडाल परिसर में संदेश अंकित कर दर्शनार्थियों के बीच जागरूकता अभियान भी फैलाया जाएगा। आरपीएफ लाइन में इस वर्ष लगातार 35वां वार्षिक दुर्गोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। पंडाल का उद्घाटन महाषष्ठी की शाम को किया जाएगा। मुख्य अतिथि के रूप में पंडाल का उद्घाटन खड़गपुर मंडल रेलवे सुरक्षा बल के सुरक्षा आयुक्त विवेकानंद नारायण करेंगे। उद्घाटन समारोह के दौरान रंगारंग व सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ ही जरूरतमंद लोगों के बीच वस्त्रदान भी किया जाएगा। इसके अलावा महानवमी को हजारों लोगों के बीच महाप्रसाद भी बांटे जाएंगे। जबकि विसर्जन महादशमी के दिन किया जाएगा। आरपीएफ लाइन दुर्गापूजा कमेटी के सचिव व खड़गपुर मंडल रिजर्व कंपनी के कमांडर एसके सिंह ने कहा कि रेलवे सुरक्षा बल की ओर से हर वर्ष दुर्गोत्सव का आयोजन किया जाता है। मां दुर्गा शक्तिस्वरूपा है। शक्ति का मान सम्मान सभी को करना चाहिए। इसलिए हमलोग दुर्गोत्सव के मौके पर पंडाल में आने वाले दर्शनार्थियों के बीच महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा के लिए जागरूकता अभियान भी चलाएंगे। यह निश्चित रूप से सभी के लिए एक प्रेरणादायक कदम होगा।