जंगल महल उत्सव को ले गोपीबल्लभपुर में तनाव
झाड़ग्राम जिले के सभी चार प्रखंड में प्रशासन की ओर से सोमवार को ज
संवाद सूत्र, झाड़ग्राम :
झाड़ग्राम जिले के सभी चार प्रखंड में प्रशासन की ओर से सोमवार को जंगल-महल उत्सव का आयोजन किया गया, लेकिन इस उत्सव को लेकर गोपीबल्लभपुर-1 प्रखंड में उत्तेजना की स्थिति उत्पन्न हो गई। इस प्रखंड की पंचायत समिति पर भाजपा का कब्जा है। उत्सव को केंद्र कर पंचायत समिति की अध्यक्ष डांगी सोरेन व अन्य सदस्यों के साथ बीडीओ देवज्योति प्रधान का जमकर वाद-विवाद हुआ। आरोप है कि इस दौरान कुछ लोगों ने बीडीओ के कुर्ते का कालर तक पकड़ लिया। इसे लेकर अच्छा खासा हंगामा भी मचा, लेकिन बाद में विवाद के बीच ही उत्सव का आयोजन यहां शुरू किया गया। इस विषय में बीडीओ से संपर्क करने पर उन्होंने इसे लेकर कोई टिप्पणी नहीं की, लेकिन भाजपा की पंचायत समिति अध्यक्ष डांगी सोरेन ने कहा कि बीडीओ क्षेत्र में विकास के मामले को लेकर हमलोगों के साथ लगातार असहयोग कर रहे हैं। इससे लोगों में काफी नाराजगी है। उत्सव को लेकर सीधे हमलोगों के साथ कोई बैठक करने के बजाय बीडीओ ने व्हाट्स एप के माध्यम से सूचित किया। जिससे पंचायत सदस्यों में नाराजगी और बढ़ गई। उन्होंने स्वीकार किया है कि उत्तेजना के दौरान बीडीओ के साथ कुछ लोगों के बीच झड़प हो गई। इधर गोपीबल्लभपुर-1 प्रखंड के अलावा बेलपहाड़ी, झाड़ग्राम व जामबनी प्रखंड में भी प्रशासन की ओर से जंगल महल उत्सव का आयोजन किया गया। जिसमें काफी तादाद में लोग उमड़े। उत्सव के दौरान रंगारंग लोक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया।