मनरेगा का काम न होने से पंचायत सदस्य के खिलाफ फूटा गुस्सा
संवाद सूत्र, मालबाजार: मनरेगा का काम नहीं कराने के आरोप में लोगों ने स्थानीय पंचायत सदस्य के
संवाद सूत्र, मालबाजार: मनरेगा का काम नहीं कराने के आरोप में लोगों ने स्थानीय पंचायत सदस्य के खिलाफ आक्रोश प्रकट किया। इसके विरोध में बुधवार शाम को एक प्रतिवाद रैली निकाली गई। लोगों का आरोप है कि मनरेगा का काम नहीं होने से विकास अवरुद्ध हो रहा है। साथ ही काफी संख्या में लोग रोजगार से भी वंचित हो रहे हैं। यह मामला नागराकाटा के आंगराभाषा दो ग्राम पंचायत के पूर्व खैरकाटा 201 नंबर ग्राम संसद का है।
स्थानीय व पंचायत सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यहां मनरेगा के तहत मिट्टी से बांध निर्माण करने का काम प्रस्तावित हुआ था। श्रम दिवस 1643 दिन का तय किया गया था। इस कार्य में 3 लाख 35 हजार 222 रुपये आवंटित किया गया था। लेकिन काम नहीं होने से लोगों में काफी गुस्सा देखा जा रहा है। आरोप है कि पंचायत सदस्यों के कारण ही काम नहीं हो पा रहा है। स्थानीय गोपाल राय, भूपेन राय ने कहा कि गत 13 सितंबर को पंचायत सदस्य के काम का मास्टर रोल वापस कर दिया गया था। फलस्वरूप गरीब लोगों को रोजगार नहीं मिल रहा है। भाजपा के पंचायत सदस्य कुसुम राय ने कहा कि सरकारी निर्देशानुसार काम 29 अगस्त से शुरू होकर 13 सितंबर को शेष होना था। जब उन्होंने अपना कार्यभार संभाला था, तो 2-3 दिन पहले बीत चुका था। छानबीन करने के बाद मुख्य कार्यालय से काम के बारे में जानकारी मिली। अभी भी बांध निर्माण का काम हो सकता है। आंगराभाषा दो नंबर ग्राम पंचायत के प्रधान माम्पी राय ने कहा कि मामले की जानकारी नहीं है। इसके बारे में पता लगाया जा रहा है।