बारिश में जल जमाव होने से छात्रों को आवाजाही में हो रही परेशानी
-कीचड़ के कारण कई बार स्कूल बंद रखा जाता है, नए प्रधान ने समस्या का हल करने का दिया आश्व
-कीचड़ के कारण कई बार स्कूल बंद रखा जाता है, नए प्रधान ने समस्या का हल करने का दिया आश्वासन
संवाद सूत्र, बानरहाट : मामूली बारिश में भी जलजमाव होने से छात्रों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। समस्या धुपगुड़ी ब्लॉक के बिन्नागुड़ी हिन्दी हाईस्कूल जाने वाली सड़क की है। यहां मामूली बारिश में भी पानी जम जाता है। जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से सड़क पर पानी जमा रहता है। कीचड़ होने से छात्रों को आवाजाही में परेशानी होती है। इस बारे में स्कूल प्रशासन की ओर से कई बार ग्राम पंचायत कार्यालय में शिकायतें की गई है, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। इस कारण शिक्षकों व अभिभावकों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है।
बिन्नागुड़ी इलाके में एकमात्र हिन्दी हाईस्कूल के मुख्य मार्ग पर मामूली बारिश में जल जमा होने से छात्र स्कूल आना भी पसंद नहीं करते हैं। शिक्षकों को दूसरे रास्ते से होकर स्कूल आना पड़ता है। ये समस्या आज की नहीं बल्कि पिछले पांच सालों से यही हाल है। बार-बार शिकायत के बाद भी स्थिति जस की तस है। अधिक पानी होने से कई बार स्कूल बंद रखना पड़ता है।
बिन्नागुड़ी हाईस्कूल के प्रधान शिक्षक परवेज आलम ने कहा कि करीब पांच बार ग्राम पंचायत को पत्र लिखा गया था। लेकिन लाभ नहीं हुआ। पूर्व प्रधान एक दिन भी समस्या का हालचाल जानने के लिए नहीं आए। अब बिन्नागुड़ी ग्राम पंचायत के नए बोर्ड व प्रधान से उम्मीद है कि जल्द से जल्द समस्या का हल किया जाएगा।
बिन्नागुड़ी ग्राम पंचायत के प्रधान दीपक कुमार श्याम ने कहा कि समस्या के बारे में जानकारी है। जल्द ही कोई हल निकाला जाएगा।