दुर्गापुर में अपराधियों ने युवक को मारी गोली, हालत गंभीर
Youth injured in Firing. पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में अपराधियों ने युवक को गोली मार कर घायल कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जागरण संवाददाता, दुर्गापुर। थाना के ए जोन डीवीसी बस्ती के समीप अपराधियों ने अप्पू सिंह नामक एक युवक को गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
अप्पू सिंह उर्फ राहुल शनिवार रात 11 बजे डीवीसी मोड़ बस्ती के समीप खड़ा था। उसी समय बाइक से दो लोग पहुंचे और अप्पू को लक्ष्य कर गोली चला दी। अप्पू के पेट में गोली लगी, जिससे वह गिर पड़ा। उसके बाद अपराधी आकाश में गोली चलाते हुए बाइक लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए पहले दुर्गापुर इस्पात संयंत्र अस्पताल भेजा गया। जहां से जख्मी को सिटी सेंटर के एक निजी अस्पताल में भेजा गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने पेट से गोली निकाल दी है। गोली मारने का आरोप इस्पातनगरी के अकबर रोड निवासी रोकी राय उर्फ दीपक रॉय और कांचा नामक युवक पर लगा है।
तीनों का संबंध तृणमूल कांग्रेस से है। तृणमूल के जिला कार्यकारी अध्यक्ष उत्तम मुखर्जी ने तीनों का तृणमूल से जुड़े रहने से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि ये लोग अराजक तत्व हैं। पुलिस को जांच कर कड़ा कदम उठाना चाहिए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपितों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।