कोलकाता के व्यवसायी की हत्या में महाराष्ट्र से गिरफ्तार
संवाद सहयोगी बर्द्धमान पूर्व बर्द्धमान जिले के रायना थानांतर्गत दरियापुर इलाके में कोलकाता के व्य
संवाद सहयोगी, बर्द्धमान : पूर्व बर्द्धमान जिले के रायना थानांतर्गत दरियापुर इलाके में कोलकाता के व्यवसायी सब्यसाची मंडल के हत्या के मामले में पुलिस ने एक और आरोपित को गिरफ्तार किया। मंगलवार को उसे बर्द्धमान कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसकी जमानत नामंजूर हो गई एवं जेल भेज दिया गया।
कोलकाता के नारकेलडांगा निवासी मो. सोहराब अली का नाम भी हत्या मामले में सामने आया था। पुलिस हत्या के बाद से ही उसकी तलाश में जुटी थी। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर महाराष्ट्र के पालघर जिले में छापेमारी की, जहां से आरोपित को गिरफ्तार किया गया। मंगलवार को उसे बर्द्धमान कोर्र्ट में पेश किया गया। इस तरह पुलिस ने अब तक सात लोगों को हत्या मामले में गिरफ्तार किया है। 18 नवंबर को पुलिस ने हत्या मामले में मेहताब आलम, साहिद आलम को बिहार के रामपुर इलाके से गिरफ्तार किया था। मालूम हो कि अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में सब्यसाची की हत्या उनके पैतृक गांव दरियापुर में हुई थी। जांच में सामने आया है कि संपत्ति विवाद में चचेरे भाइयों ने हत्या की साजिश रची। चचेरे भाई सोमनाथ मंडल ने कुछ दिन पहले बर्द्धमान कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था। वहीं पुलिस ने उसके पहले सुपारी किलर समेत तीन को गिरफ्तार किया था। अब तक इस हत्या में आधा दर्जन लोग गिरफ्तार हो चुके है।
चोरी के संदेह में पांच गिरफ्तार : आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के ईस्ट जोन की विभिन्न थानों की पुलिस ने चोरी के संदेह मामले में अलग-अलग स्थानों से पांच लोगों को गिरफ्तार किया। जिन्हें मंगलवार को दुर्गापुर अदालत में पेश किया गया। अंडाल के वनबहाल फाड़ी की पुलिस ने संदेह के आधार पर रानीगंज मस्जिद पाड़ा निवासी फिरोज खान, हरिपुर के बल्लभपुर निवासी शेख अफरोज, रानीगंज के रनाई पाड़ा निवासी एमडी रहमान को गिरफ्तार किया। दुर्गापुर के कोकोवन थाना की पुलिस ने संदेह के मामले में भगत पल्ली निवासी रामू सोरेन को गिरफ्तार किया। वहीं पांडवेश्वर थाना की पुलिस ने संदेह के आधार पर हरिपुर हाटतला निवासी लव साव को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि बीते रात सभी इलाके में चोरी करने के इरादे से घूम रहे थे। उसी दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपितों को गिरफ्तार किया।