देश में चल रही सेल इन इंडिया की नीति
जागरण संवाददाता दुर्गापुर अब आसनसोल रेल मंडल में तृणमूल कांग्रेस के श्रमिक संगठन ईस्टर्न
जागरण संवाददाता, दुर्गापुर : अब आसनसोल रेल मंडल में तृणमूल कांग्रेस के श्रमिक संगठन ईस्टर्न रेलवे तृणमूल मेंस कांग्रेस ने पांव पसारना शुरु कर दिया है। जिसके तहत पानागढ़ में संगठन के पहले शाखा कार्यालय का उद्घाटन रविवार को किया गया। जहां तृणमूल ट्रेड यूनियन की राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद दोला सेन मौजूद थी। उन्होंने भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार मेक इन इंडिया का नारा देती है, लेकिन जो नीति चल रही है, उसमें यह नारा बेमानी है। बल्कि भाजपा सेल इन इंडिया की नीति अपना रही है। यही वजह है कि राष्ट्रीय कारखानों को बिक्री कर रही है। उन्होंने कहा कि अब तक हमारे संगठन के लोग ईआरएमसी एवं ईआरएमयू करने को मजबूर थे, कोई विकल्प नहीं था। अब स्थिति बदल रही है। रेलवे को बचाने के लिए भी तृणमूल लड़ाई करेगी। इस कारण अब लोगों को ईआरएमसी व ईआरएमयू को छोड़कर संगठन आना चाहिए। माकपा व कांग्रेस ने बंगाल के चुनाव में भी भाजपा का साथ दिया, वो रेलवे को नहीं बचा सकते। यही वजह है कि वे लोग शून्य पर पहुंच गए हैं। उस संगठनों से जुड़े लोगों को तृणमूल के साथ आना चाहिए। विभिन्न सुविधा के लिए कुछ लोग केंद्रीय संगठनों से जुड़े है, उस स्वार्थ को छोड़ना चाहिए। मौके पर समर मुखर्जी, देवदास बक्शी समेत अन्य मौजूद थे।
ममता बनर्जी ही विरोधी चेहरा : उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ही भाजपा विरोधी खेमे का चेहरा है। भाजपा ने बंगाल में अपनी सारी ताकत झोंक दी। लेकिन तृणमूल नेत्री के प्रति बंगाल के लोगों ने आस्था जताई। पूरे देश के लोग भी ममता बनर्जी पर विश्वास कर रहे हैं, यही वजह है कि अन्य दलों के लोग भी तृणमूल के साथ आ रहे है।