नववर्ष को लेकर पुलिस सजग
जागरण संवाददाता दुर्गापुर कोरोना संक्रमण की पहली एवं दूसरी लहर को सभी ने देखा है। अब
जागरण संवाददाता, दुर्गापुर : कोरोना संक्रमण की पहली एवं दूसरी लहर को सभी ने देखा है। अब तीसरी लहर की संभावना की जा रही है। ओमिक्रोन भी देश में पांव पसार रहा है। इस कारण पुलिस प्रशासन की ओर से भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस जहां पिकनिक स्थलों पर लगातार नजर रख रही है। वहीं लोगों को मास्क पहनने के लिए प्रेरित कर रही है। दुर्गापुर के लावदोहा स्थित इको पार्क में नववर्ष पर कार्यक्रम की तैयारी चल रही थी, जिसे पुलिस ने रोक दिया है।
वर्ष के अंतिम दिन भी शहर के पिकनिक स्थलों पर लोगों की भीड़ उमड़ती है। लेकिन शुक्रवार को सभी जगह पहले की तुलना में कम भीड़ देखी गई। कई दिनों से ओमिक्रोन संक्रमण को लेकर भी जागरूकता कार्यक्रम शहर में चल रहा है। शुक्रवार से ही पुलिस ने पिकनिक स्थलों पर निगरानी शुरु कर दी। दामोदर बैराज के पास भी कम भीड़ थी। वहीं दामोदर के हुचूकडांगा में भी पुलिस की ओर से माइकिग की गई। जो लोग मास्क नहीं पहने थे, उन्हें मास्क पहनने को कहा गया। जिनके पास मास्क नहीं था, उन्हें मास्क दिया गया। कई विक्रेता भी बिना मास्क के थे। पुलिस ने उन्हें भी सतर्क किया एवं मास्क प्रदान किया। बेनाचिति बाजार में भी पुलिस ने घूम घूम कर लोगों को मास्क पहनने की अपील की। दुर्गापुर-फरीदपुर ब्लाक के सरपी इको पार्क में नववर्ष के मौके पर कार्यक्रम की तैयारियां चल रही थी, जिसे प्रशासन ने रोक दिया। पार्क प्रबंधन की ओर से टेंट तैयार किया जा रहा था एवं उसे सजाने की योजना थी। आयोजनकर्ता तन्मय घोष ने कहा कि हम प्रशासन के इस फैसले का समर्थन करते है। सबसे कीमती इंसान का जीवन है, अगर जीवन रहा तो हर साल जश्न मना सकते है। उन्होंने कहा कि भले ही प्रशासन ने अनुष्ठान पर रोक लगाई है, परंतु पार्क में पिकनिक मनाने पर कोई पाबंदी नहीं है। सभी लोग सरकारी नियमों का पालन करते हुए पिकनिक का आनंद उठा सकते हैं।