दुर्गापुर गुरुद्वारे में भिड़े दो गुट, मारपीट
दुर्गापुर गुरुद्वारे में दो गुटों में विवाद मारपीट
दुर्गापुर गुरुद्वारे में भिड़े दो गुट, मारपीट
दुर्गापुर : दुर्गापुर के बेनाचिति गुरुद्वारे में रविवार की दोपहर पुरानी और नई कमेटी के विवाद में मारपीट हो गई। इसमें नई कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष पलविंदर सिंह, पूर्व अध्यक्ष दया सिंह और जगदीश सिंह समेत कई लोगों को चोटें आई है। सूचना मिलने पर पुलिस वहां पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
प्रत्येक रविवार को गुरुद्वारे में सिख संगत के लोग पहुंचते है। यहां कीर्तन-लंगर समेत अन्य कार्यक्रम होता है। कुछ दिन पहले नई कमेटी की घोषणा हुई थी। इसे लेकर पुरानी कमेटी के साथ कुछ विवाद चल रहा था और अशांति की आशंका जताई जा रही थी। इस कारण पुलिस प्रशासन के निर्देश पर वहां 144 धारा भी लागू हुई थी।
रविवार को पुरानी कमेटी के अध्यक्ष जगदीश सिंह, नई कमेटी के अध्यक्ष तजिंदर सिंह समेत अन्य पदाधिकारी भी पहुंचे थे। इसी दौरान विवाद शुरू हो गया। विवाद हाथापाई में तब्दील हो गया है। इससे अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। दोनों ही कमेटी के लोगों ने मारपीट की घटना स्वीकार की।
पूर्व अध्यक्ष दया सिंह ने कहा कि बाहर के आदमी को कमेटी में जगह दिया गया है एवं प्रधान बनाया गया है। उनका कहना था कि पूरी संगत मिलकर सभी के सहमति से कमेटी बने। उनलोगों ने बाहर से लोगों को लाकर हमला किया। मेरी पगड़ी उतार दी और मारपीट की। वहीं नए अध्यक्ष तजिंदर सिंह ने कहा कि मैं दो बार महासचिव था। पिछले रविवार को पुराने अध्यक्ष ने खुद ही इस्तीफा दे दिया। इसके बाद नई कमेटी बनी। पुराने प्रधान को हटाया गया है, इस कारण यह विवाद हुआ। यहां उनलोगों ने धारा 144 लागू करवा दिया। दया सिंह कीर्तन के दौरान बाधा देने का कोशिश कर रहे थे। हमारी कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष को पीटा गया। वहीं पूर्व प्रधान जगदीश सिंह ने कहा कि यहां हमले की आशंका थी और यह सच साबित हुआ। इस कारण धारा 144 लागू करवाया गया था। बिना पुरानी कमेटी को बताए नई कमेटी बना ली। हमलोग चाहते थे, पूरे संगत को बुला कर कमेटी बने, लेकिन ऐसा उनलोगों ने नहीं किया। मैंने कोई इस्तीफा भी नहीं दिया। उनलोगों ने हमारे साथ मारपीट की।