डीवीसी की लापरवाही से हजारों प्रभावित
संवाद सहयोगी बेनाचिति दामोदर नदी के मैथन व पंचेत बैराज से पानी छोड़ने के कारण दुर्गापुर
संवाद सहयोगी, बेनाचिति : दामोदर नदी के मैथन व पंचेत बैराज से पानी छोड़ने के कारण दुर्गापुर बैराज से भी काफी पानी छोड़ना पड़ रहा है। जिसका नतीजा है कि दामोदर के निचले इलाके बांकुड़ा, हुगली आदि में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। हजारों लोग इस बाढ़ से प्रभावित हुए है। सोमवार को राज्य के पंचायत मंत्री सुब्रत मुखर्जी ने दुर्गापुर बैराज का दौरा किया, जहां से पानी छोड़े जाने की स्थिति की जानकारी ली। वहीं डीवीसी एवं केंद्र सरकार पर उन्होंने निशाना साधा।
राज्य के बांकुड़ा, हुगली जिले में बाढ़ के लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी लगातार दामोदर घाटी निगम पर निशाना साध रही है। डीवीसी केंद्र सरकार के अधीन एक इकाई है। वहीं सोमवार की सुबह राज्य के पंचायत मंत्री सुब्रतो मुखर्जी दुर्गापुर बैराज के दौरे पर पहुंचे। जहां उन्होंने कहा कि डीवीसी को पानी छोड़ने के लिए मना नहीं किया जा रहा है। मगर डीवीसी को पानी छोड़ने के पहले सरकार को जानकारी देनी चाहिए। समय पर जानकारी मिलने से दामोदर के निचले इलाके में रहने वाले लोगों को हटाया जा सकता था। ताकि वह लोग सुरक्षित रहे। मगर डीवीसी के अधिकारी पानी छोड़ने के पहले किसी को कोई जानकारी नहीं देते हैं। जिसके कारण बाढ़ की परिस्थिति तो होती ही है, निचले इलाके के लोग भी परेशान हो जाते हैं और सरकार भी। प्रत्येक वर्ष ही डीवीसी द्वारा पानी छोड़ा जाता है। जिसके कारण निचले इलाके में लोगों के घर में पानी घुस जाता है। सुब्रत मुखर्जी ने कहा कि डीवीसी की मनमानी से पश्चिम बंगाल के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। मौके पर उनके साथ दुर्गापुर नगर निगम के चेयरमैन मृगेंद्रनाथ पाल, जल विभाग के मेयर परिषद सदस्य दीपंकर लाहा सहित तृणमूल कार्यकर्ता मौजूद थे। मालूम हो कि राज्य सरकार की ओर से डीवीसी एवं केंद्र सरकार पर बाढ़ के लिए लगातार हमला किया जा रहा है। हालांकि डीवीसी ने स्पष्ट किया है कि पानी छोड़ने के पहले जिला स्तर पर चर्चा होती है। जिसमें संबंधित इलाके के डीएम भी होते है।