विवाहिता की मौत के बाद मायके वालों ने किया हंगामा
-दहेज के लिए हत्या का लगाया आरोप -पुलिस को संभालनी पड़ी स्थिति -पति गिरफ्तारपुलिस जांच ज
-दहेज के लिए हत्या का लगाया आरोप
-पुलिस को संभालनी पड़ी स्थिति
-पति गिरफ्तार,पुलिस जांच जारी
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : शहर के एनजेपी थाना क्षेत्र के वार्ड 33 स्थित अशोक नगर में एक विवाहिता की मौत के बाद सोमवार को पूरा माहौल गरमा गया। विवाहिता के मायके वालों की लिखित शिकायत के आधार पर पति कुणाल दास को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसकी पुष्टि करते हुए एनजेपी थाना प्रभारी अनिर्वाण भट्टाचार्य ने बताया कि विवाहिता के मायके वालों ने पति समेत ससुराल वालों के चार लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है। पुलिस पहले पति को गिरफ्तार कर उससे सच्चाई जानने की कोशिश कर रही है।
इधर,विवाहिता के शव का पोस्टमार्टम कराकर लौटे परिवार वालों ने अशोक नगर में ससुराल वालों के घर जमकर हंगामा किया है। पुलिस वहां पहुंचकर मामले को शांत कराने में सफल रही है। पुलिस का कहना है कि इस कांड में जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
घटना क्रम में बताया गया कि सुदिप्ता दास रविवार की रात अपने ससुराल अशोक नगर में तीन मंजिला पर टूनी बल्व लगा रही थी। वह अचानक अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई। उसे जब अस्पताल ले जाया गया डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस बात की जानकारी सुदिप्ता सेन के भक्तिनगर स्थित मायके वालों को मिली तो वे उत्तेजित होकर वहां पहुंचे और ससुराल वालों पर सुदिप्ता की हत्या का आरोप लगाने लगे। परिवार वालों का आरोप है कि दहेज के लिए इसके पहले भी परिवार वालों ने उसके साथ मारपीट की थी। सुदिप्ता दत्त दास का विवाह 11 वर्ष पूर्व कुणाल दास के साथ हुई थी। इन दोनों का एक 10 वर्ष का पुत्र भी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद यह पता चल सकेगा कि उसकी हत्या की गई है या वह अनियंत्रित होकर स्वयं ही गिरकर मौत के मुंह में चली गई।