आग से जलकर महिला की मौत
जागरण संवाददाता सिलीगुड़ी आग में जलकर एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से पूरे इल
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : आग में जलकर एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी मच गई है। मंगलवार की सुबह यह घटना शहर से सटे माटीगाड़ा थाना अंतर्गत शिव मंदिर के आमतला इलाके में घटी है। मृतका की पहचान स्मृति राय के रूप में की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही माटीगाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका बागडोगरा थाना क्षेत्र के रुपसिंहजोत इलाके की निवासी थी। पिछले लंबे समय से वह मानसिक तौर से बीमार थी। परिवार वालों की मानें तो इसके पहले भी उसने आत्महत्या करने की कोशिश की थी। बल्कि कई बार घर से अन्यत्र चली जाती और कई दिनों तक लापता रहने के बाद स्वयं ही वापस लौट आती थी। मृतका के पति सपन राय मछली विक्रेता हैं। उन्होंने बताया कि बीते कई दिनों से वह मरने की बात कर रही थी। सुबह वह मछली बेचने के लिए निकले थे। बाद में बेटे ने फोन पर घटना की जानकारी दी। घटना स्थल से पुलिस ने प्लास्टिक का जरकिन बरामद किया। जिसमें थोड़ा सा केरोसीन तेल भी था। स्थानीय चाय दुकान की एक महिला ने उसे जलते हुए छटपटाते देखा। उसी ने आस-पड़ोस और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है। मृतका के पति से भी पुलिस ने पूछताछ की है। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार शव परिवार वालों को सौंप दिया जाएगा।