-समर नगर में 35 वर्षीय व्यक्ति की रहस्मय मौत
-अस्वभाविक मौत का मामला दर्ज कर पुलिस ने शुरू की जांच जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : हत्या या अस्वाभाविक मौत के उलझन से पुलिस अभी निकली भी नहीं थी कि अगली सुबह फिर से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। सुबह-सबेरे घर के सामने शव बरामद होने से इलाके में खलबली मची हुई है। मंगलवार सुबह प्रधान नगर थाना क्षेत्र के समर नगर से सटे नतुन बाजार इलाके में यह मामला सामने आया है। पुलिस ने अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर जाच शुरू किया है।
सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर 46 स्थित प्रधान नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत समर नगर नतुन बाजार इलाका निवासी राजेश राय के आगन से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। खबर फैलते ही मौके पर इलाकाई लोगों की भीड़ जमा हो गई। जानकारी मिलते ही प्रधान नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक की पहचान सुकु लोहार (35) के रूप में की है। मृतक राजेश राय का रिश्तेदार बताया गया है। जानकारी के मुताबिक मृतक मूल रुप से डुआर्स के मालबाजार इलाके का निवासी था। वह पेशे से दिहाड़ी मजदूर था। मजदूरी करने के लिए वह सिलीगुड़ी के समर नगर नतुन बाजार निवासी अपने रिश्तेदार (भगिनी) के घर रहता था। प्रधान नगर थाना पुलिस के प्राथमिक जाच में पता चला है मृतक शराब के साथ गाजा आदि के भी नशे का आदि था। ठंड के इस मौसम में नशे में धुत्त होकर रात भर खुले आसमान के नीचे सोने की वजह से मौत होने की संभावना है। शव बरामद कर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
इधर, मृतक के रिश्तेदार राजेश राय ने बताया कि सुकु काफी नशा करता था। बीते सोमवार की रात मृतक का उसके नशेड़ी साथियों के साथ मारपीट भी हुई थी। नशे की हालत में वह सोमवार की देर रात घर के आगन में आकर बेसुध होकर गिर गया। रात में ठंड से कराहने की आवाज सुनकर उसे कमरे में ले जाने का प्रयास किया, लेकिन संभव नही होने पर किसी तरह उसे बरामदे पर लाकर बिस्तर पर लेटाया। कंबल आदि से उसके शरीर को ढक दिया। सुबह उसका मृत पाया। रवींद्र नगर से बरामद हुआ था शव
यहा बताते चलें कि बीते सोमवार की सुबह सिलीगुड़ी शहर के सिलीगुड़ी थाना क्षेत्र स्थित रवीन्द्र नगर इलाके से एक भंगार वाले का शव सड़क किनारे से बरामद हुआ था। उसके सिर के पिछले हिस्से में किसी भारी या धारदार हथियार से हमले के निशान पाए गए हैं। मृत सुशील दास (54) शहर से सटे घुघुमाली के निरंजन नगर इलाके का निवासी था। घटना स्थल से पुलिस ने मृतक की साइकिल, एक झोला और तराजू बरामद किया। मृतक के हाथ से पुलिस को बाल का गुच्छा बरामद हुआ है।
स्निफर डॉग की सहायता से जांच जारी
पुलिस ने स्निफर डॉग से भी घटनास्थल की बारीकी से जाच की लेकिन कोई ठोस सुराग अभी तक हाथ नहीं लगा है। घटना को बीते 36 घंटे से अधिक समय बीत गया लेकिन सिलीगुड़ी थाना पुलिस हत्या या रहस्यमय मौत के उलझन से नहीं निकल पाई है। मंगलवार को भी पुलिस घटना स्थल पर पहुंच काफी तफ्तीश व छानबीन की लेकिन खाली हाथ लौटना पड़ा।
घटना स्थल को बांस से घेरा
बल्कि पुलिस ने घटना स्थल को बांस से घेर दिया है। बल्कि घटनास्थल के ठीक सामने वाले मकान, जहां से मृतक का झोला और तराजू बरामद हुआ था। उस कमरे को भी सील कर दिया है।
में कोरोना वायरस से जुडी सभी खबरे
blink LIVE
PNB MetLife Webinar
VIDEO