राज्य की ममता सरकार पर जमकर बरसीं स्मृति ईरानी
चुनावी हमला -महिला सीएम के रहते भी राज्य में बेटियां सुरक्षित नहीं -केंद्र की योजनाओं का
चुनावी हमला
-महिला सीएम के रहते भी राज्य में बेटियां सुरक्षित नहीं
-केंद्र की योजनाओं का लागू नहीं करने की सजा देगी जनता
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी:
पाचवे चरण में 17 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव में फासीदेवा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार दुर्गा मुर्मू के पक्ष में चुनाव प्रचार करने पहुंची केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी ने राज्य की ममता बनर्जी सरकार पर जमकर हमला बोला। वह खोरीबाड़ी हाई स्कूल फुटबॉल मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त तृणमूल सरकार का राज्य से जाना तय है। उन्होंने तीस मिनट के भाषण में लोगों को बाग्ला में संबोधित किया। स्मृति ईरानी ने कहा ममता बनर्जी बंगाल की बेटी के हाथ में सत्ता में होने की बात करती हैं,लेकिन उनको बताना चाहिए कि सत्ता में रहते उन्होंने बंगाल की बेटी के लिए क्या किया। राज्य में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। इसी विधानसभा क्षेत्र में आदिवासी युवती के साथ दुराचार की घटना होती है,लेकिन इसके विरोध में तृणमूल नेता जुबान तक नहीं खोलते। भारतीय जनता पार्टी सोनार बाग्ला बनाने के आह्वान के साथ महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा और विवाह के उत्तम प्रबंध की व्यवस्था करेगी। केंद्रीय वस्त्र मंत्री ने कहा कि जिस जगह सभा को संबोधित कर रही हैं वहां सामने बैठी गरीब महिलाएं बता रही थी यहा स्वास्थ्य की व्यवस्था पूरी तरह लचर है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अगर केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना चालू कर देतीं तो यहा के लोगों को स्वास्थ्य सेवा के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ता। इतना ही नहीं कोरोना महामारी के समय जिस प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीबों के लिए जनधन खाते में सीधे पैसा और लोगों के घरों में मुफ्त का राशन भेजा वह भी इस सरकार ने नहीं पहुंचने दी। वस्त्र मंत्री ने कहा कि यहां भ्रष्टाचार का आलम है। तृणमूल काग्रेस के नेता और समर्थक कटमनी लेते हैं और सिंडीकेट राज चलाते हैं। समय आ गया है इन्हें जवाब देना चाहिए। स्मृति ईरानी ने कहा कि इसी विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक चाय बागान हैं। आज तक यहां की सरकार चाय श्रमिकों का दोहन और शोषण करती रही है। इनकी स्थिति देखकर ही प्रधानमंत्री ने इनके जीवन में बदलाव के लिए कई परियोजनाओं की घोषणा की है। इसे लागू करने के लिए राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार पूर्ण बहुमत से लाना आवश्यक है। जनसभा को जिला अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष कंचन देवनाथ, गणेश देवनाथ, डॉ विश्वजीत घोष, उत्तम सिंह,कल्याण प्रसाद तथा विधानसभा क्षेत्र के पाचों मंडल अध्यक्षों ने भी संबोधित किया।