सिलीगुड़ी नगर निगम चुनाव: सीएम ममता बनर्जी की तस्वीर पर फेंका पान का पीक, गरमाई सियासत
सिलीगुड़ी के 24 नंबर वार्ड में तृणमूल पार्टी की ओर से नगर निगम चुनाव को लेकर पोस्टर लगाया गया था। पोस्टर पर मुख्यमंत्री की तस्वीर पर किसी शरारती तत्व ने पान की पीक फेंक दी थी। इसे लेकर यहां जमकर आरोप-प्रत्यारोप लगे।
सिलीगुड़ी, जागरण संवाददाता। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तस्वीर पर पान की पीक फेंके जाने को लेकर सिलीगुड़ी में आक्रोश का माहौल हो गया। गुरुवार सुबह यह घटना शहर के 24 नंबर वार्ड में घटी है। 24 नंबर वार्ड में तृणमूल पार्टी की ओर से नगर निगम चुनाव को लेकर पोस्टर लगाया गया था। पोस्टर पर मुख्यमंत्री की तस्वीर पर किसी शरारती तत्व ने पान की पीक फेंक दी थी। पार्टी की ओर से सिलीगुड़ी थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है।
जानकारी मिलते तृणमूल नेता तुरंत पहुंचे
गुरुवार सुबह 24 नंबर वार्ड स्थित फूलेश्वरी इलाके में स्थानीय लोगों ने पोस्टर पर छपी मुख्यमंत्री की तस्वीर पर पान की पीक फेंका देखा। घटना की जानकारी मिलते ही वार्ड के तृणमूल उम्मीदवार प्रतुल चक्रवर्ती व पार्टी के अन्य आला नेता मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही सिलीगुड़ी थाना की पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। जानकारी के मुताबिक निगम चुनाव में 24 नंबर वार्ड के तृणमूल उम्मीदवार प्रतुल चक्रवर्ती का चुनावी पोस्टर दीवार पर लगा था। उसी पोस्टर में मुख्यमंत्री की तस्वीर भी छपी थी। पोस्टर में छपी मुख्यमंत्री के चेहरे पर पान या गुटखा चबाकर किसी ने फेंक दिया। इस घटना की निंदा कर तृणमूल की ओर से विरोध प्रदर्शन किया गया।
इलाकाई तृणमूल नेता बासु सिकदार ने बताया कि माकपा, कांग्रेस और भाजपा मिलकर तृणमूल उम्मीदवार को हराने की साजिश रच रहे हैं। लेकिन मंसूबे पर पानी फिरता देखकर विरोधी बौखला गए हैं और उसी बौखलाहट में इस तरह की निंदनीय हरकत कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के चेहरे पर थूक फेंकना काफी शर्मनाक है। वहीं तृणमूल उम्मीदवार प्रतुल चक्रवर्ती ने बताया कि हार सुनिश्चित देखकर बौखलाहट में विरोधी राजनीतिक पार्टियां व उनके लोग इस तरह की हरकते कर रहे हैं। घटना के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।