ड्रग्स के खिलाफ जारी रहेगा अभियान-पुलिस कमिश्नर
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट की ओर से गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किया गया। मल
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट की ओर से गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किया गया। मल्लागुड़ी स्थित सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट मैदान में राष्ट्रध्वज तिरंगा फहरा कर सिलीगुड़ी के पुलिस कमिश्नर गौरव शर्मा ने समारोह का शुभारंभ किया। उन्होंने पुलिस बल की विभिन्न इकाइयों की परेड की सलामी भी ली। इसके साथ ही सभी को संबोधित करते हुए गणतंत्र दिवस के विविध पहलुओं पर भी प्रकाश डाला।
उन्होंने अपने संबोधन में सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट की उपलब्धियों को सामने रखते हुए कहा कि कमिश्नरेट शहर की सुरक्षा को लेकर हमेशा चौकस रहा है। शहर में जाम की समस्या न हो इसके लिए सिलीगुड़ी ट्रैफिक पुलिस की ओर से समय-समय पर हमेशा ही उपयुक्त कदम उठाए जाते रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट की ओर से मादक पदार्थो को लेकर बड़े पैमाने पर अभियान चलाया गया है तथा रिकार्ड मात्रा में नशीले पदार्थो को जब्त करने का कार्य किया गया है। यह सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट की एक बड़ी उपलब्धि रही है। उन्होंने पुलिस कमिश्नरेट की ओर से उठाए जा रहे विभिन्न कदमों की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा की ड्रग्स के खिलाफ हमारा अभियान आगे भी इसी तरह से चलता रहेगा, क्योंकि पुलिस शहर के आम नागरिकों की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने शहर को सुरक्षित रखने की दिशा में नजरदारी प्रोजेक्ट के जरिए सीसीटीवी कैमरों से चप्पे- चप्पे पर नजर रखने की बात बताई। इस अवसर पर पुलिस बल की विभिन्न इकाइयों ने एक से बढ़कर एक झाकी प्रस्तुत कर सामाजिक समानता व सजगता का संदेश दिया। इसमें सिलीगुड़ी महिला थाना की ओर से महिला पुलिस बल की झाकी मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। सिलीगुड़ी महिला थाना प्रभारी मुमताज बेगम के संयोजन में महिला पुलिस बल ने अपनी झाकी द्वारा महिलाओं की आन-बान-शान को दर्शाया। इसके साथ ही समाज में महिला सुरक्षा व बाल सुरक्षा एवं उनके अधिकारों की रक्षा के प्रति जागरूकता संदेश भी दिया।
इस दौरान कोविड-19 के नियमों का पूरी तरह से पालन किया गया।