लंदन की तरह ही कोलकाता की सड़कों पर उतरेंगी ओपन डबल डेकर बसें
अब लंदन की तरह ही कोलकाता की सड़कों पर भी विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने को ओपन डबल डेकर बसों को चलाने का निर्णय लिया गया है।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। अब लंदन की तरह ही कोलकाता की सड़कों पर भी विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने को ओपन डबल डेकर बसों को चलाने का निर्णय लिया गया है। बताया गया कि राज्य सरकार जल्द ही इन बसों को महानगर की सड़कों पर उतारने वाली है, ताकि विदेशी पर्यटकों के साथ ही देश के अन्य राज्यों से यहां घूमने आने वाले लोगों को आकर्षित किया जा सके।
राज्य के परिवहन मंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पिछले साल ही विधानसभा में इसकी जानकारी दी थी। उन्होंने कहा था कि लंदन की तर्ज पर कोलकाता की सड़कों पर चार से पांच ओपन डबल डेकर बसों को उतारा जाएगा। वहीं बताया गया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर्यटन विकास व विस्तार को इन बसों को महानगर की सड़कों पर उतारने की इच्छा व्यक्त कर चुकी हैं।
जिसके बाद तत्कालीन मुख्य परिवहन सचिव अलापन बंद्योपाध्याय को बसों के विवरण की जानकारी हासिल करने को लंदन भेजा गया था, जहां उन्होंने इससे संबंधित संभावनाओं पर जानकारियां एकत्रित की। उसी दौरान मंत्री ने बताया था कि जल्द ही कोलकाता की सड़कों पर 20 सीएनजी बसें उतारी जाएंगी।
वहीं राज्य सचिवालय नवान्न से मिली जानकारी के मुताबिक अबकी सर्द के दौरान महानगर की सड़कों पर इन बसों को उतारा जा सकता है।