हाथी के हमले में एक की मौत, चार घायल
शादी के अवसर पर खाने-पीने के दौरान अचानक हाथी ने हमला कर दिया। इसमें एक महिला की मौत हो गई। साथ ही चार लोग घायल भी हुए हैं।
संवाद सूत्र, नागराकाटा। शादी के अवसर पर खाने-पीने के दौरान अचानक हाथी ने हमला कर दिया। इसमें एक महिला की मौत हो गई। साथ ही चार लोग घायल भी हुए हैं। घायलों में एक का उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व तीन का माल सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मृत महिला का नाम मीना उराव (43) बताया गया। वह चाय श्रमिक थी। घायलों का नाम पुनाई उराव, मंगु उराव, दुलु राय व बच्चू राय है। उक्त घटना रविवार रात को मेटली ब्लॉक के विधाननगर ग्राम पंचायत के बार्माधुरा इलाके में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार रात को सात बजे के करीब एक बड़ा जंगली हाथी बार्माधुरा इलाके में अजरून उराव के घर में घुस गया। यहां शादी को लेकर खाने-पीने का कार्यक्रम चल रहा था। तभी हाथी ने उत्पात मचाना शुरू कर दिया। इस हमले में मीना उराव की मौत हो गई।
इसके अलावा चार लोगों को काफी गंभीर चोटें भी आई है। स्थानीय लोगों की चिल्लाने की आवाज सुनकर करीब एक घंटे बाद हाथी बड़ादिघी चाय बागान होते हुए लाटागुड़ी जंगल की ओर भाग गया। हाथी के चले जाने के बाद लोगों ने खुनिया स्क्वायड के वनकर्मी को सूचना दी। जानकारी मिलने पर मेटली व माल पुलिस भी मौके पर पहुंची। लोगों ने मुआवजे व इलाके में वनकर्मियों द्वारा गश्त लगाए जाने की मांग की है।