दिल्ली दंगा सामूहिक नरसंहार-मो सलीम
-केंद्र के साथ ही राज्य की तृणमूल सरकार पर भी बोला हमला -पीड़ितों की मदद के लिए शहर म
-केंद्र के साथ ही राज्य की तृणमूल सरकार पर भी बोला हमला
-पीड़ितों की मदद के लिए शहर में आमलोगों से चंदा संग्रह
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : दिल्ली दंगा सामूहिक नरसंहार से कम नहीं है। वहां अभी भी दंगे में मारे गए लोगों की लाशें निकल रही है। यह बातें माकपा पोलित ब्यूरो के सदस्य तथा पूर्व सांसद मोहम्मद सलीम ने की। वह दंगा पीड़ितों के लिए चंदा संग्रह के दौरान संवाददाताओं से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि माकपा किसी भी आपदा में हमेशा पीडि़तों के साथ खड़ी होती है। चाहे बिहार, बंगाल और असम में बाढ़ हो या कोई और आपदा। माकपा ने हमशा पीड़ितों की मदद की है। दिल्ली दंगा भी बड़ी आपदा से कम नहीं है। यहां सामूहिक नरसंहार हुआ है। कई दिनों से अभी तक वहां शवों का मिलना जारी है। उन्होंने इस मौके पर केंद्र की भाजपा सरकार के साथ ही राज्य की तृणमूल सरकार पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा हो या टीएमसी दंगो को लेकर सिर्फ बयानबाजी कर रही है। पीड़ितों के पास पहुंचने की कोशिश नहीं हो रही है। जब नगर निगम व विधानसभा चुनाव को लेकर प्रश्न किए गये तो मोहम्मद सलीम लाल हो गये। उन्होंने कहा कि ममता दीदी नगरपालिका चुनाव सिर पर आते देख जनसभाओं में कहने लगी है कि किसी प्रकार का बूथ कब्जा, हिसा, कटमनी या सिंडिकेट राज नहीं चलाना है। दीदी में इतनी हिम्मत नहीं कि वह कह पाएं कि अबतक जो हुआ वह गलत हुआ है। अपनी गलती नहीं मानकर ऐसा नहीं करने की बात कह रही हैं। जहां तक भाजपा का सवाल है त्रिपुरा में सत्ता में आने के बाद भाजपा ने भी वही किया जो आज राज्य में टीएमसी कर रही है। जहां तक चुनाव का सवाल है सबसे पहले यह तय करना होगा कि यह चुनाव कौन कराएगा? राज्य सरकार या चुनाव आयोग?। अगर चुनाव आयोग निष्पक्ष चुनाव कराए तो ठीक लेकिन वह राज्य सरकार का सिर्फ मुखौटा बनकर चुनाव में आगे बढ़ेगी तो उसका परिणाम सबको मालूम है। एक विचारधारा की पार्टी के रुप में माकपा कांग्रेस के साथ गठबंधन कर यहां वोट लूट रोकने की हर संभव कोशिश करेगी। इससे पहले दिल्ली दंगा पीडि़तों के लिए माकपा की ओर से शहर में धनराशि संग्रह अभियान प्रारंभ किया गया। इसमें स्थानीय विधायक सह मेयर अशोक नारायण भट्टाचार्य, माकपा जिला सचिव जीवेश सरकार, पूर्व सांसद समन पाठक इसका नेतृत्व कर रहे थे। माकपा पार्टी कार्यालय अनिल विश्वास से प्रारंभ होकर धन संग्रह की टीम हिलकार्ट रोड़ व छह नंबर वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंची।