न्यू जलपाईगुड़ी पुलिस ने किया कमाल, वर्ना सोने की चमकदार बाट देख मालामाल व्यापारी हो जाता कंगाल
पुलिस की मुस्तैदी से शहर का एक मालामाल व्यापारी कंगाल होने से बच गया। ठगों ने तो शिकार साध ही लिया था ऐन वक्त पर पुलिस की एंट्री से पासा पलट गया। दो ठग सोने की डेढ़ किलो की चमचमाती बाट दिखाकर एक व्यापारी को ठगने पहुंचे थे।
सिलीगुड़ी, जागरण संवाददाता। पुलिस की मुस्तैदी से शहर का एक मालामाल व्यापारी कंगाल होने से बच गया। ठगों ने तो शिकार साध ही लिया था, ऐन वक्त पर पुलिस की एंट्री से पासा पलट गया। दरअसल, दो ठगाें की नकली सोना थमाकर एक व्यापारी से 20 लाख रुपये ठगने की योजना पर न्यू जलपाईगुड़ी थाना पुलिस ने पानी-फेर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर न्यू जलपाईगुड़ी थाना पुलिस ने सोने की तरह चमकती करीब डेढ़ किलो वजन के धातु से बनी एक बाट बरामद किया है। इस मामले मे दो लोगों की गिरफ्तारी हुई है। उनके नाम जमीर अली और शेख अरफान बताया गया है। आरोपितों को जलपाईगुड़ी अदालत मे पेश किया गया है।
शहर के एक सर्राफा व्यापारी के पास डेढ़ किलो सोने का बाट पहुंचाए जाने की जानकारी पहले से ही पुलिस के पास थी। गुप्त सूचना के आधार पर न्यू जलपाईगुड़ी थाने की आम पोशाक पुलिस ने शहर के तीन बत्ती मोड़ इलाके मे घात लगाया। दो युवकों को संदिग्ध स्थिति मे भटकता देखकर पुलिस ने उन्हे हिरासत मे लिया। उनकी तलाशी लेने पर नकली सोने का बाट बरामद हुआ। बाट देखकर पुलिस टीम की आंखे भी फटी रह गई। मगर पुलिस ने सूझ बूझ से काम लिया। और जब सच्चाई सामने आई तो हर कोई हैरान रह गया।
ऐसे बनाई गई सोने की चमकदार बाट
दरअसल विभिन्न प्रकार के धातुओं को मिलाकर पहले बाट तैयार किया गया। जिसपर सोने का पानी चढ़ाकर चमकदार बनाया। इसके बाद उसे सोने की कीमत पर बेचने की योजना बनाई गई। सोने की तरह दिखने वाली धातु से बनी बाट का कुल वजन 1 किलो 373 ग्राम बताया गया है। पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 102 के तहत नकली सोने का बाट जब्त किया और दोनों युवकों को गिरफ्तार किया। फिर सोमवार दोपहर दोनों आरोपितों को जलपाईगुड़ी अदालत मे पेश किया।
ऐसे रची नकली कहानी
न्यू जलपाईगुड़ी थाना पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों मे शामिल जमीर अली पड़ोसी राज्य असम के सोनितपुर जिला अंतर्गत घोड़ामारी इलाके का निवासी है। वहीं दूसरा शेख अरफान बंगाल राज्य के पश्चिम मेदिनीपुर जिले का निवासी है। सोने का नकली बाट बनाने के बाद उसे सोने की कीमत पर बेचने के लिए इन दोनों ने एक कहानी रची कि असम स्थित इनके गांव मे खेती करने के दौरान मिट्टी के भीतर से इन्हें यह बाट मिला था। दोनों ने यह नकली बाट पहले असम मे ही बेचने कि कोशिश की लेकिन सफल नहीं हुए। इसके बाद सिलीगुड़ी का एक व्यापारी इनके झांसे मे फंस गया। 20 लाख रुपये पर डील तय हुई। तय डील के मुताबिक ही दोनों व्यापारी को नकली सोने का बाट थमाकर 20 लाख रुपया ठगने के लिए सिलीगुड़ी पहुंचे थे। व्यापारी रुपया लेकर आता उसके पहले ही पुलिस ने उन्हे दबोच लिया।