अब मुकुल राय हुए दादार अनुगामी के पोस्टर ब्वॉय
-शुभेंदु के तर्ज पर पूरे शहर में पोस्टरों की भरमार -विधानसभा चुनाव से पहले अटकलों का ब
-शुभेंदु के तर्ज पर पूरे शहर में पोस्टरों की भरमार
-विधानसभा चुनाव से पहले अटकलों का बाजार गरम जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : तृणमूल के धाकड़ बागी नेता शुभेंदु अधिकारी और राजीव बनर्जी के बाद अब सिलीगुड़ी शहर में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकुल राय का पोस्टर उसी अंदाज में लगा है। इससे शहर में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। तृणमूल के दोनों बागी नेताओं के पोस्टरों पर पार्टी का नाम और ना जी चुनाव निशान है। जबकि मुकुल राय का पोस्टर में पार्टी के नाम के साथ ही भाजपा का चुनाव निशान कमल भी है। पोस्टर में लिखा है आमरा दादार अनुगामी। यानि हम दादा के समर्थक हैं। तृणमूल के बागी नेता शुभेंदु अधिकारी और राजीव बनर्जी के पोस्टरों पर भी यही है आमरा दादार अनुगामी। इस तरह से कहें तो अब मुकुल राय भाजपा में दादार अनुगामी के पथ प्रदर्शक हो गए हैं। इन पोस्टरों को भाजपा के लोगों ने ही लगाया है। कोई बेनामी पोस्टर नहीें है। इस तरह के पोस्टर लगने से विधान सभा चुनाव के पहले अटकलों का बाजार गर्म है। हालाकि सिलीगुड़ी सागठनिक जिला भाजपा अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल ने सभी अटकलों को खारिज किया है।
अगले वर्ष होने वाले राज्य विधान सभा चुनाव को लेकर पूरे राज्य का माहौल गरम है। राज्य में वर्तमान राजनीतिक परिस्थियों के मद्देनजर विधानसभा चुनाव में सत्ताधारी तृणमूल और भाजपा के बीच काटे की टक्कर होने की प्रबल संभावना है। राज्य विधानसभा चुनाव के ठीक पहले तृणमूल का अंतर्कलह सड़क पर आ गया है। मां, माटी और मानुष से परिवारवाद की ओर बढ़ रही नीतियों से तृणमूल में बगावत बढ़ चली है। बल्कि एक के बाद एक तृणमूल के दिग्गज बागी होकर पार्टी छोड़कर कर भाजपा का दामन थामते जा रहे हैं। तृणमूल का स्तंभ माने जाने वाले मुकुल राय के बाद कूचबिहार दक्षिण के विधायक मिहिर गोस्वामी ने अभी हाल में ही भाजपा का दामन थाम लिया। वहीं पार्टी से नाराज चल रहे शुभेंदु अधिकारी ने भी मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके भाजपा में शामिल होने की संभावना अधिक है। ऐसे अधिकारी द्वारा एक अलग राजनीतिक पार्टी बनाने की अटकलें भी लगाई जा रही है। हालाकि अभी तक शुभेंदु अधिकारी ने कुछ भी साफ नही किया है। इसी क्रम में बीते छठ पूजा के दौरान सिलीगुड़ी शहर में शुभेंदु अधिकारी के पोस्टर लगाए गए थे। पोस्टर में शुभेंदु अधिकारी के फोटो के नीचे 'आमरा दादार अनुगामी' लिखा था। इसके बाद अभी दो दिन पहले सिलीगुड़ी से सटे फूलबाड़ी इलाके में तृणमूल सरकार के वन मंत्री राजीव बनर्जी का पोस्टर देखने को मिला। इस पोस्टर में भी मंत्री राजीव बनर्जी के फोटो के नीचे 'आमरा दादार अनुगामी' लिखा था। लेकिन शनिवार सुबह से सिलीगुड़ी शहर के सेवक रोड, हिलकार्ट रोड, न्यू जलपाईगुड़ी समेत कई इलाकों में भाजपा नेता मुकुल राय के दादार अनुगामी वाले पोस्टर भरे पड़े थे। पोस्टर में सिलीगुड़ी सागठनिक जिला भाजपा के ही एक कार्यकर्ता सौरभ प्रसन्न दे उर्फ मोना का नाम है। पोस्टर की शुरुआत में जय मां दुर्गा ॐ जय मां काली लिखा है। इसके नीचे मुकुल राय के फोटो के साथ 'मुकुल तोमार हाथ धोरे, पद्द फुटूक घरे-घरे' (मुकुल तुम्हारा हाथ पकड़ कर घर-घर मे कमल खिले) के नीचे 'परिवर्तनेर परिवर्तन होक बंगलाये' अर्थात बंगाल में परिवर्तन का परिवर्तन हो और उसके नीचे 'आमरा दादार अनुगामी' लिखा है। सबसे अंत मे सौजन्य : सौरभ प्रसन्न दे (मोना) लिखा है। मुख्यमंत्री बनने की चाह-विरोधी शनिवार की सुबह से सिलीगुड़ी शहर में मुकुल राय का यह पोस्टर देखे जाने से राजनीतिक अटकलों का बाजार गर्म है। भाजपा विरोधियों का कहना है कि मुकुल राय मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं। इसी वजह से उनके समर्थक शहर में उनका पोस्टर लगा कर उनके मुख्यमंत्री पद की दावेदारी को मजबूत करने में जुटे हैं। किसी का कहना है कि मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर भाजपा के भीतर भी कलह शुरु है। मुकुल राय का पोस्टर उसी अंतर्कलह को प्रमाणित कर रहा है।
जिलाध्यक्ष ने अटकलों को खारिज किया
सिलीगुड़ी सागठनिक जिला भाजपा अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल ने सभी अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि कोई कार्यकर्ता किसी नेता का अनुगामी हो सकता है। और उनके समर्थन में पोस्टर लगा ही सकता है। लेकिन पोस्टर लगाए जाने भर से ही वह मुख्यमंत्री का चेहरा हो जाएंगे, ऐसा नहीं है। भारतीय जनता पार्टी एक संगठन है। भाजपा का कोई भी नेता संगठन से बड़ा नहीं। संगठन जिसे जो जिम्मेदारी देगी, भाजपा का हर कार्यकर्ता उस जिम्मेदारी को सहर्ष स्वीकार करेगा।