अवैध कैसीनो के खिलाफ सामाजिक संगठनों ने खोला मोर्चा
-बाघाजतीन पार्क से निकली रैलीहाशमी चौक पर सभा -सामाजिक बुराई के खिलाफ सभी से एकजुट
-बाघाजतीन पार्क से निकली रैली,हाशमी चौक पर सभा
-सामाजिक बुराई के खिलाफ सभी से एकजुट होने की अपील
-नगर निगम और पुलिस से कार्रवाई की मांग
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : अवैध कैसीनो के खिलाफ दैनिक जागरण में प्रकाशित धारावाहिक खबर के बाद समाज ने भी इसके खिलाफ आवाज बुलंद किया है। स्वयंसेवी संगठन एई प्रजन्म ने अवैध कैसीनो के खिलाफ जन आंदोलन शुरू कर दिया है। शनिवार शाम एई प्रजन्म की ओर से शहर में अवैध कैसीनो के खिलाफ रैली निकारी और नुक्कड़ सभा किया। विरोध प्रदर्शन के दौरान इस संगठन ने नशा मुक्त समाज बनाने के लिए एक घंटा नागरिकों से देने के लिए कहा है।
शनिवार शाम शहर के कॉलेज पाड़ा स्थित बाघाजतीन पार्क से अवैध कैसीनो के खिलाफ एक विरोध रैली निकली। यह रैली हाशमी चौक पर आकर समाप्त हुई। यहां नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए एई प्रजन्म के प्रमुख सह वार्ड पार्षद व सिलीगुड़ी नगर निगम के खेल-संस्कृति व स्वास्थ विभाग मेयर परिषद सदस्य शंकर घोष ने कहा कि इनदिनों सिलीगुड़ी काले कारोबार में ख्याति प्राप्त कर चुका है। शहर के ही कुछ कारोबारी नोट कमाने की लालसा में शहर के अस्तित्व पर आघात कर रहे हैं। इनकी अवैध गतिविधियों का बुरा असर समाज के युवा वर्ग पर पड़ रहा है। शहर के नागरिक अपनी जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़कर मौजूदा हालातों के लिए दूसरों पर अंगुली उठाते हैं। सरकार, निगम व पुलिस प्रशासन को नींद से जगाने के लिए समाज के हर वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। अपने शहर को अवैध गतिविधियों से मुक्त करने के लिए शंकर घोष ने नागरिकों से सप्ताह में एक घंटा मांगा है। उन्होंने कहा कि शहर का हर नागरिक सप्ताह का एक घंटा अपने शहर को सुधारने में लगाए तो अपना सिलीगुड़ी पूरे देश में एक मिशाल बन जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि अवैध कैसीनो के खिलाफ उनकी मुहिम लगातार जारी रहेगी। एक जन आंदोलन के माध्यम से अवैध कैसीनो के खिलाफ कार्यवाई के लिए सरकार व प्रशासन को विवश करेगें।