बोर्ड बैठक में अवैध निर्माण मामले की गूंज
-विपक्षी पार्षदों ने निगम की भूमिका पर उठाए सवाल -बिल्डर के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने की मांग
-विपक्षी पार्षदों ने निगम की भूमिका पर उठाए सवाल
-बिल्डर के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने की मांग
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : शहर के हृदय स्थल वेनस मोड़ के निकट विधान रोड पर कंचनजंघा स्टेडियम के विपरीत निर्माणाधीन भवन पर विवाद थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। गुरुवार को सिलीगुड़ी नगर निगम के मासिक बोर्ड बैठक में सभी विपक्षी दलों ने इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया। सिलीगुड़ी नगर निगम वार्ड नंबर नौ से भाजपा पार्षद तथा सिलीगुड़ी नगर निगम में विपक्ष के नेता अमित जैन ने बोर्ड से जानना चाहा कि अवैध निर्माण मामले में नगर निगम क्या कार्रवाई कर रहा है। जैन ने कहा कि सवाल यह उठता है कि जब निर्माण कार्य रोकने के लिए नोटिस जारी कर दिया है तो फिर निर्माण कार्य कैसे हो रहा है। जबकि सत्ता पक्ष के ही एक पार्षद पहले इस मामले को उठाया। जब इस संबंध में मैनें नगर निगम के अधिकारियों से बात की तो उनके द्वारा कहा गया कि निर्माण कार्य रोकने के लिए नगर निगम की ओर से नोटिस जारी कर दिया है। जब काम रोकने के लिए नोटिस जारी कर दिया गया तो फिर रात में निर्माण कार्य कैसे हो रहा है। नगर निगम प्रशासन क्या कर रहा है। इस तरह की गतिविधि देखकर लग रहा है कि निर्माण का काम आपसी मिलीभगत से हो रहा है। हम कार्रवाई की बात भी करते रहे और विवादित जमीन पर निर्माण कार्य भी जारी है। जैन ने कहा कि पिछले नगर निगम के बोर्ड बैठक में बोर्ड पूछा गया कि नगर निगम अंतर्गत कहां-कहां अवैध निर्माण होने की शिकायत मिली है तथा नगर निगम इस पर क्या कर रहा है, इस बारे में जानकारी मांगी गई, लेकिन जानकारी मुहैया नहीं कराई गई।
वहीं काग्रेस के वरिष्ठ नेता और वार्ड नंबर 16 के पार्षद सुजय घटक ने सिलीगुड़ी नगर निगम द्वारा निर्माण को रोकने के लिए नोटिस देने के बावजूद अवैध निर्माण जारी रखने के लिए बिल्डर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की गई। वहीं सिलीगुड़ी के मेयर गौतम देव की अनुपस्थिति में बोर्ड का दायित्व संभाल रहे नगर निगम के डिप्टी मेयर रंजन सरकार ने कहा कि हम कानूनी प्रक्रियाओं के अनुसार कदम उठा रहे हैं।