उत्तराखंड की बार डांसर का शव फंदे से लटकता सिलीगुड़ी में मिला
सिलीगुड़ी के भक्तनगर थाना क्षेत्र के दुर्गानगर इलाके के एक घर में उत्तराखंड की निवासी बार डांसर का शव फंदे से लटकता मिला।
सिलीगुड़ी [जागरण संवाददाता]। सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड संख्या 40 के दुर्गानगर इलाके में मंगलवार की दोपहर में उत्तराखंड की निवासी एक बार डांसर का शव फंदे से लटकता मिला। भक्तिनगर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में भेजकर जांच शुरू कर दी है।
मृत युवती का नाम भावना बताया जा रहा है। वह मूल रूप से उत्तराखंड की रहने वाली थी। सेवक रोड के एक बार में काम करती थी। वह उसी इलाके के नथुनी घोष नामक एक व्यक्ति के घर में किराये पर रहती थी। हर रोज की तरह सोमवार की रात वह बार से काम कर अपने घर लौटी। मंगलवार को उसके घर काम करने वाली एक महिला ने बेडरूम में उसका फंदे से लटकता शव देखा।
उसने तत्काल ही मकान मालिक तथा आसपास के लोगों को इस बात की जानकारी दी। उसके बाद पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई। खबर लगते ही भक्तिनगर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गयी। दूसरी ओर स्थानीय लोगों ने इस घटना के पीछे युवती का किसी युवक के साथ अवैध संबंध होने का शक जाहिर किया है। भक्तिनगर थाना सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृतका शादीशुदा थी। उसके पति को भी जानकारी दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पायेगा।