Girl Student Death Case: बंगाल पुलिस का ट्वीट, साजिशन फैल रहीं गलत खबरें, जहर से हुईं दोनों मौत
बंगाल पुलिस ने ट्वीट किया कि चोपड़ा क्षेत्र में दो युवाओं की दुर्भाग्यपूर्ण मौत की घटना पर कुछ लोग अब भी अफवाहें फैला रहे हैं। पुलिस ने लोगों से ऐसी बातों पर ध्यान नहीं देने की अप
राज्य ब्यूरो, कोलकाताः बंगाल पुलिस ने कहा है कि उत्तर दिनाजपुर जिले के चोपड़ा क्षेत्र में एक छात्रा और उसके बाद युवक की हुई अस्वभाविक मौत को लेकर मृतकों के परिवारों को गुमराह करने और साक्ष्यों से छेड़छाड़ करने और छुपाने के उद्देश्य से अफवाहें फैलाई जा रही हैं। मृतकों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का हवाला देते हुए पुलिस ने कहा कि उनकी मौत जहर के कारण हुई थी और उनके शरीर के बाहरी या भीतरी हिस्सों पर घाव के कोई निशान नहीं थे। बंगाल पुलिस ने ट्वीट किया कि चोपड़ा क्षेत्र में दो युवाओं की दुर्भाग्यपूर्ण मौत की घटना पर कुछ लोग अब भी अफवाहें फैला रहे हैं। किशोर और किशोरी, दोनों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार उनकी मौत जहर के कारण हुई और दोनों में से किसी के शरीर के बाहरी या अंदरूनी हिस्सों पर घाव के निशान नहीं थे।
पुलिस ने कहा कि कुछ लोग कानून-व्यवस्था को चुनौती देने के लिए साजिश कर रहे हैं और इसके लिए वह ऐसी बातें फैला रहे हैं जो पूरी तरह झूठ है। राज्य पुलिस ने लोगों से ऐसी बातों पर ध्यान नहीं देने की अपील की। बंगाल पुलिस शांति बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। किसी घटना या आवश्यक जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें। किशोरी का दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाते हुए 19 जुलाई को भीड़ ने जिले में हंगामा किया था और राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर कई पुलिस वाहनों और सरकारी बसों को आग लगा दी थी।
सोनापुर गांव में 19 जुलाई को लड़की सुबह अपने घर से शौच के लिए निकली थी और कुछ घंटों बाद उसकी लाश मिली थी। गांव वालों का आरोप था कि किशोरी के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या की गई थी। अगली सुबह चोपड़ा क्षेत्र में ही उस लड़के का भी शव मिला था जिसपर किशोरी के दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाया गया था। लड़के के परिवार द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद किशोरी के पिता और दो भाईयों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस दोनों मामलों के जुड़े होने की छानबीन कर रही है।