बूस्टर डोज लेने के बाद भी गौतम देव पॉजिटिव
-पूर्व मंत्री दूसरी बार हुए हैं कोरोना संक्रमित -नगर निगम चुनाव के समय तृणमूल नेताओं की बढ

-पूर्व मंत्री दूसरी बार हुए हैं कोरोना संक्रमित
-नगर निगम चुनाव के समय तृणमूल नेताओं की बढ़ी चिंता
-चुनाव प्रचार प्रभावित होने की संभावना
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : पश्चिम बंगाल राज्य के पूर्व मंत्री व सिलीगुड़ी नगर निगम की प्रशासकीय समिति के चेयरमैन गौतम देव पुन: कोविड-19 पॉजिटिव हो गए हैं। इसे लेकर वह शहर के निकट माटीगाड़ा के उत्तरायण स्थित एक नर्सिग होम में भर्ती हुए हैं। उन्होंने खुद अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट कर यह जानकारी दी है। यह भी अपील की है कि अभी हाल ही में जो कोई भी उनके निकट संपर्क में आए थे वे लोग भी अपनी जांच करवा लें व आवश्यक उपाय अपनाएं।
उल्लेखनीय है कि यह दूसरी बार है कि गौतम देव कोरोना वायरस संक्रमण (कोविड-19) पॉजिटिव हुए हैं। वह भी तब जबकि वह कोविड-19 का बूस्टर डोज ले चुके हैं। गत 10 जनवरी को जब बूस्टर डोज की शुरुआत हुई थी तो पहले ही दिन उन्होंने डाबग्राम स्थित मातृ सदन जाकर बूस्टर डोज लिया था। इससे पहले नवंबर-2020 में भी गौतम देव एक बार कोरोना वायरस संक्रमण (कोविड-19) की चपेट में आए थे। तब, भी उपरोक्त नर्सिग होम में ही भर्ती हुए थे व लगभग दो सप्ताह की चिकित्सा के बाद स्वस्थ हुए थे।
इधर, सिलीगुड़ी नगर निगम चुनाव-2022 के दौरान ही उनके फिर से कोविड-19 पॉजिटिव हो जाने की खबर से तृणमूल कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में चिंता का माहौल घर कर गया है। वह इधर जगह-जगह खूब प्रचार कर रहे थे। इस बार नगर निगम चुनाव में वह खुद भी 33 नंबर वार्ड से उम्मीदवार हैं। अपने वार्ड समेत वह हर वार्ड में तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवारों के लिए प्रचार कर रहे थे। आगामी 12 फरवरी को नगर निगम चुनाव का मतदान होना है। इधर, प्रचार के लिए दिन भी कम रह गए हैं। दलीय नेताओं, कार्यकर्ताओं, समर्थकों व उनके सभी चाहने वालों ने उनके तुरंत स्वस्थ होने की कामना व्यक्त की है।
Edited By Jagran