चौथे जुमे की नमाज मस्जिदों में अदा की गई
- एक नेकी का सत्तर गुना फल मिलता है : मौलाना गुलाम अरशद बरखाती -बरकतों से भरा है रमजान का महीना
- एक नेकी का सत्तर गुना फल मिलता है : मौलाना गुलाम अरशद बरखाती
-बरकतों से भरा है रमजान का महीना
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : रमजान महीने के चौथे जुमा पर जामा मस्जिद में नमाज अदा की गई।
इस मौके पर मौलाना गुलाम अरशद बरखाती ने शहरवासियों को रमजान महीने की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहाकि यह महीना बरकतों से भरा महीना है। इस महीने में एक नेकी का सत्तर गुना फल मिलता है। इसलिए खूब नेकी करें। साथ ही अधिक से अधिक इबादत करने कोशिश करनी चाहिए। इस महीने में की गई इबादत सीधे अल्लाह तक पहुंचती है। यह बहुत ही पवित्र महीना है। इस महीने में संयम का संदेश मिलता है। दूसरे के दु:ख-दर्द को समझने का मौका मिलता है। रोजा अवश्य रखें। दूसरों की जरूरत को समझें। साथ ही उन्होंने प्रशासन को भी धन्यवाद दिया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। नमाज अदा करने के समय बरसात थम गई थी। इसलिए मस्जिद के बाहर में भी श्रद्धालु नजर आए। वहीं मस्जिद के बाहर सुरमा लगाने वालों की भीड़ देखी गई। मुस्लिम समुदाय के लोगों का कहना था कि इस महीने में सुरमा लगाना बहुत शुभ माना जाता है। इसलिए वे सुरमा लगवाते हैं। इसी क्रम में कोई टोपी खरीदने में तो कोई सेवई, लच्छा, मेवा इत्यादि की खरीदारी में व्यस्त दिखा। इस समय कोलकाता, लखनऊ सहित अन्य इलाकों से टोपी मंगाई गई हैं। इसके अलावा शहर सहित आसपास के इलाके में भी मस्जिदों में नमाज अदा की गई।