West Bengal fire: अग्निकांड में भंगार की चार गोदाम राख, प्राथमिक विद्यालय को भी क्षति
सिलीगुड़ी के विवेकानंद रोड इलाके में अग्निकांड की इस घटना में भंगार की चार गोदाम जल कर राख में तब्दील हो गई। वहीं गोदाम से सटा एक प्राथमिक विद्यालय को भी नुकसान पहुंचा है।
सिलीगुड़ी, जागरण संवाददाता। भयावह अग्निकांड की घटना से एक बार फिर सिलीगुड़ी नगर निगम के 7 नंबर वार्ड स्थित विवेकानंद रोड इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आगजनी की यह घटना साप्ताहिक लॉक डाउन गुरुवार की भोर करीब 3 बजे घटी है। जानकारी मिलते ही सिलीगुड़ी थाना पुलिस दो दमकल इंजिन के साथ मौके पर पहुंची। अग्निकांड की इस घटना में भंगार की चार जल कर राख में तब्दील हो गई। वहीं गोदाम से सटा एक प्राथमिक विद्यालय को भी नुकसान पहुंचा है।
मिली जानकारी के मुताबिक विवेकानन्द रोड किनारे बसे प्लास्टिक के डब्बे व बोतल की एक गोदाम में अचानक आग लग गई। प्लास्टिक व कार्टून की वजह से आग ने पालक झपकते ही भयावह रुप धारण कर लिया। आस-पास कार्टून, प्लास्टिक के डब्बे व भंगार के अन्य तीन दुकानों को भी आग ने काफी तेजी के साथ अपने आगोश में ले लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही सिलीगुड़ी फायर स्टेशन से दो दमकल की इंजिन मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने फौरन आग बुझने में जुट गई। लेकिन कार्टून, प्लास्टिक आदि भंगार की चार गोदाम पूरी तरह से जल गई। इसके अतिरिक्त भंगार की गोदाम से सटे विवेकानंद प्राथमिक विद्यालय में भी आग ने उत्पात मचाया। विद्यालय के एक कमरे में रखी कुछ किताबें जल गई।
विद्यालय के बेंच, मेज और कुर्सियों में भी आग लग गई थी लेकिन दमकल और पुलिस की सक्रियता ने विद्यालय के आग को फैलने से पहले ही नियंत्रित कर लिया। निगम के कर्मचारी में सुबह मौके पर पहुंचे। और क्षतिग्रस्त दुकानों से मलबा निकालने में जुटे हैं। दमकल विभाग से मिली जानकारी के अनुसार किसी भी गोदाम में अग्निसमन की मामूली व्यवस्था तक नहीं थी।
हालांकि आग इसके पहले भी उस इलाके में तांडव कर चुकी है। सिलीगुड़ी थाना पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटी है। वहीं दूसरी ओर कोरोना के इस आतंकित काल मे आगजनी की इस घटना से गोदाम मालिकों के सिर नुकसान का बोझ दोगुना हो गया है।