सिलीगुड़ी में मजदूरों के आपसी विवाद में मछली मंडी बंद, 15 से 20 लाख का माल बर्बाद
सिलीगुड़ी शहर के रेगुलेटेड मार्केट मछली मंडी में मजदूरों के आपसी विवाद के कारण बुधवार की सुबह मार्केट बंद कर दिया गया। इसके कारण यहां लाखों रुपये की मछली नहीं बिक पायी।
सिलीगुड़ी, जागरण संवाददाता। सिलीगुड़ी शहर के रेगुलेटेड मार्केट मछली मंडी में मजदूरों के आपसी विवाद के कारण बुधवार की सुबह मार्केट बंद कर दिया गया। इसके कारण यहां लाखों रुपये की मछली नहीं बिक पायी।
जानकारी के अनुसार एक मजदूर की विधवा को उसके देवर से अधिकार दिलाने के लिए कुछ दिन पूर्व मजदूरों ने यूनियन पदाधिकारियों के साथ बैठक की थी। बैठक में कोई समाधान नहीं निकला था। इसके बाद उल्टे मजदूर संगठन के तीन सदस्यों पर विधवा के देवर सुजीत महतो ने न्यायालय में मामला दर्ज करा दिया।
पुलिस मंगलवार को आरोपितों को गिरफ्तार करने मंडी पहुंची,परंतु किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पायी। इससे नाराज मजदूरों ने काम बंद कर इस घटना का विरोध किया। प्रशासन से इसकी निष्पक्ष जांच करने की मांग की। पुलिस से निष्पक्ष जांच का आश्वासन मिलने पर करीब तीन घंटे बाद मार्केट खोला गया।
रेगुलेटेड मार्केट के मछली एसोसिएशन के अध्यक्ष बापी चौधरी ने बताया कि इस विवाद की वजह से कारोबार को नुकसान पहुंचाना ठीक नहीं है। मछली वर्कर्स यूनियन के हरेंद्र राय के अनुसार घटना को लेकर हमारे मजदूरों में नाराजगी थी। इसे अगर पहले सुलझाया जाता तो यह नौबत नहीं आती। हमारा मंडी के व्यापार को प्रभावित करने का कोई इरादा नहीं है। मालूम हो कि इस मंडी में सुबह सात बजे से 10 बजे तक ही खरीद-बिक्री होती है। मंडी बंद देख व्यापारी लौट गये।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप