मछली लदा ट्रक पलटा,लूटने वालों की होड़
-दुर्घटना में चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल -इलाज के लिए दोनों को मेडिकल कालेज में भ्
-दुर्घटना में चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल
-इलाज के लिए दोनों को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया
जासं, सिलीगुड़ी : फ्लाईओवर पर चढ़ते ही मछली से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक पलटते ही मछली लूटने के लिए भारी संख्या में स्थानीय लोग पहुंच गए। गुरुवार सुबह यह घटना सिलीगुड़ी महकमा स्थित घोषपुकुर टोल गेट के नजदीक फ्लाईओवर पर घटी है। इस घटना में ट्रक चालक और सहायक चालक दोनों गंभीर रुप से घायल हुए हैं। दोनों को इलाज के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कालेज व अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक आंध्र प्रदेश से मछली लादकर ट्रक सिलीगुड़ी रेगूलेटेड मार्केट को आ रहा था। घोषपुकुर फ्लाईओवर पर चढ़ते ही ट्रक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया। अनियंत्रित होकर ट्रक फ्लाईओवर से पलट कर नीचे गिर गया। ट्रक के गिरते ही लदी मछलियों के कैरेट और थर्मोकोल के बाक्स सड़क पर बिखर गए। मछली लदे ट्रक के पलटने की खबर आग की तरह आस-पास के जनबस्ती इलाके में फैल गई। कुछ ही देर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सड़क पर गिरी मछलियां लोगों ने लूट ली। जिसे जो मिल रहा था उसी में मछली उठा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बक्से में भर-भर कर लोग मछली ले गए। जब तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची तब तक यह क्रम जारी रहा।
घटना की जानकारी मिलते ही फांसीदेवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। घायल चालकों को इलाज के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कालेज भेजा। वहीं सिलीगुड़ी रेगुलेटेड मार्केट के व्यापारियों को घटना की जानकारी देकर वैकल्पिक ट्रक की व्यवस्था कर बची मछलियों को लादकर भिजवा दिया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।