Chandra Grahan 2020: साल का पहला चंद्रग्रहण आज, इसके बाद इन दिनों भी होगा इस तरह का चंद्रग्रहण
बिरला तारामंडल के निदेशक देवीप्रसाद दुआरी ने बताया कि चंद्रग्रहण 10 जनवरी को रात 10.37 बजे से शुरू होकर 11 जनवरी को रात 2.42 बजे तक चलेगा।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। शुक्रवार को होने वाला साल का पहला 'खंडच्छायायुक्त चंद्रग्रहण' बंगाल समेत देश के कोने-कोने से नजर आएगा। एमपी बिरला तारामंडल के निदेशक देवीप्रसाद दुआरी ने बताया कि चंद्रग्रहण 10 जनवरी को रात 10.37 बजे से शुरू होकर 11 जनवरी को रात 2.42 बजे तक चलेगा। यह इस साल होने वाले चार खंडच्छायायुक्त चंद्रग्रहण में पहला है।
इसके बाद 5 जून, 5 जुलाई और 30 नवंबर को इस तरह का चंद्रग्रहण होगा। इसे एशिया, अफ्रीका, आस्ट्रेलिया और यूरोप के विभिन्न देशों से देखा जा सकेगा। दुआरी ने आगे कहा कि सामान्य चंद्रगहण के समय चंद्रमा पृथ्वी के मध्य भाग की छाया से होकर गुजरता है, जिससे चंद्रमा के डिस्क में अंधेरा छा जाता है लेकिन शुक्रवार को होने वाले चंद्रग्रहण के दौरान चंद्रमा की सतह हल्की मध्यम हो जाएगी। नंगी आंखों से कभी-कभी खंडच्छायायुक्त चंद्रग्रहण को समझ पाना थोड़ा मुश्किल हो जाता है, हालांकि सामान्य से बड़े आकार वाले चंद्रमा को देखना काफी दिलचस्प होता है।
दुआरी ने कहा कि आसमान साफ रहा तो कोलकाता समेत बंगाल के सभी इलाकों से चंद्रग्रहण स्पष्ट रूप से नजर आएगा। साल 2020 के शुरुआत में ही साल का पहला चंद्रग्रहण लग रहा है। खास बात ये है कि यह भारत में भी दिखाई देगा। यह ग्रहण 10 जनवरी शुक्रवार रात 10 बजकर 37 मिनट से शुरू होगा और 11 जनवरी के तड़के 02:42 बजे तक रहेगा। यह भारत समेत यूरोप, आस्ट्रेलिया और अफ्रीका के कई हिस्सों में दिखाई देगा। हालांकि इसका कोई खास असर नहीं होने वाला है।
कहां-कहां नजर आएगा यह चंद्रग्रहण
- भारत समेत एशिया के सभी देश
- ऑस्ट्रेलिया
- अफ्रीका
- यूरोप
- नॉर्थ अमेरिका
- भारतीय महासागर
ग्रहण के समय क्या करें क्या ना करें
चंद्र ग्रहण के दौरान कई बातों का ख्याल रखना आवश्यक माना जात है। मान्यता है कि इस ग्रहण के समय गर्भवती महिलाओं को घर के बाहर नहीं निकलना चाहिए। ग्रहण के दौरान कोई भी काम शुरु करने की मनाही होती है। इस दौरान खाना बनाने से भी बचना चाहिए। ग्रहण के दौरान नकारात्मक शक्तियों का प्रभाव अधिक होता है, इसलिए हमेशा इस दौरान ईश्वर का ध्यान करना चाहिए।