सिलीगुड़ी में नकली शैम्पू बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, सभी 11 गिरफ्तार आरोपित दिल्ली और उत्तर प्रदेश के निवासी
सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन की प्रधान नगर थाना पुलिस ने नकली शैम्पू बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। मौके से पुलिस से गिरोह के 11 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपित दिल्ली और उत्तर प्रदेश के निवासी बताए गए हैं।
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन की प्रधान नगर थाना पुलिस ने नकली शैम्पू बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। मौके से पुलिस से गिरोह के 11 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपित दिल्ली और उत्तर प्रदेश के निवासी बताए गए हैं। काफी लंबे समय से शहर के एक होटल से यह गिरोह नकली शैम्पू का कारोबार चला रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर प्रधान नगर की आम पोशाक पुलिस ने सिलीगुड़ी जंक्शन स्थित एक होटल में छापेमारी की।
होटल के कमरे से नामी-गिरामी शैम्पू कंपनी के खाली डब्बे, विभिन्न प्रकार के रसायन आदि बरामद किया। गिरफ्तार आरोपितों का नाम सीजन मल्लिक (18), सैफर खान (18), शकुल मल्लिक (19), सलमान मल्लिक (19), रिंकू कुमार (19), छोटू अली (22), सलीम खान (33), सोनू (28), मोहम्मद आशिम (22), मोहम्मद सब्बीर (21) और आरिफ खान (19) बताया गया है।
आरोपितों में शामिल सीजन दिल्ली के पालम थाना अंतर्गत द्वारका के राय नगर पार्ट-2 पालन कॉलोनी, सलमान खजूरी थाना अंतर्गत नेहरु विहार का निवासी है। वहीं शकुल उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिला अंतर्गत दिल्ली गेट थाना क्षेत्र के अदलतपुर और आरिफ निवरी मोड़ इलाके का निवासी है। इसके अतिरिक्त सैफर, छोटू, सोनू और मोहम्मद आशिम उत्तर प्रदेश के आगरा जिला अंतर्गत अहमदुल्लाह थाना अंतर्गत इस्लाम नगर इलाके का निवासी है। आरोपित सलमान मल्लिक और सलीम खान इन गिरोह का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है।
प्रधान नगर थाना पुलिस की माने तो ये सभी पिछले लंबे समय से जंक्शन स्थित एक होटल में रहकर नकली शैम्पू का कारोबार चला रहे हैं। ये सभी दिन में शहर और आस-पास के कबाड़ दुकानों से नामी-गिरामी शैम्पू कंपनियों लेबल लगा खाली डब्बा जुगाड़ करते। और फिर होटल के कमरे में नकली शैम्पू बनाकर इन डब्बों में भरते। फिर उसे घर-घर घूम कर बेच देते। इसकी जानकारी मिलते ही प्रधान नगर थाना पुलिस ने बीते गुरुवार तड़के उक्त होटल में छापेमारी कर भारी संख्या में शैम्पू का खाली डब्बा, नकली शैम्पू से भरा 350 डब्बा और रसायन बरामद किया है। सभी आरोपितों को गुरुवार सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया। प्रधान नगर थाना पुलिस ने गिरोह के सलमान मल्लिक और सलीम खान के 10 दिन रिमांड की गुहार अदालत से लगाया। अदालत ने दोनों को आठ दिन की रिमांड पर प्रधान नगर थाना पुलिस के हवाले किया है।