नकली डीजल बनाने वाला धराया
जागरण संवाददाता सिलीगुड़ी भारत नेपाल और बिहार सीमांत खोरीबाड़ी थाना क्षेत्र में काफी ि
-550 लीटर मिट्टी तेल पुलिस ने जब्त किया
-धंधे से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी शुरू जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : भारत-नेपाल और बिहार सीमांत खोरीबाड़ी थाना क्षेत्र में काफी दिनों से चल रहे नकली डीजल बनाने वाले एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई खोरीबाड़ी और पानीटंकी आउटपोस्ट की पुलिस ने संयुक्त रुप से की है। पकड़े गये व्यक्ति का नाम 44 वर्षीय उत्तम दास है। पुलिस ने उसके पास से 550 लीटर मिट्टी का तेल और एक बोरा पाउडर बरामद किया है। वह मिट्टी तेल में पाउडर मिलाकर डीजल तैयार करता था। बताया गया कि पानीटंकी झरनाजोत में काफी दिनों से नकली डीजल बनाकर बेचने की शिकायत लोगों ने की थी। दार्जिलिंग ग्रामीण डीसीपी अचिंत गुप्त ने बताया कि जब पुलिस को यह पता चला कि इस प्रकार का अवैध धंधा चल रहा है तो पुलिस ने कार्रवाई की तैयारी की। पुलिस को इस बात की पुख्ता जानकारी मिली कि उत्तम दास ही इस धंधे से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने सोमवार को छापामारी कर उसे दबोच लिया। उससे पुलिस को जानकारी मिली कि वह कैसे मिट्टी तेल में पाउडर मिलाकर उसे डीजल तैयार करता था। इस डीजल को वह खेत के सिंचाई और नेपाल से आकर डीजल ले जाने वालों को बेचा करता था। इतना ही नहीं कई गाड़ी मालिकों को भी उसने डीजल बेचा। जब गाड़ी के इंजन में खराबी आई तो इस बात का पता चला। इस प्रकार के धंधे में उसके साथ और कौन- कौन लोग जुड़े है और वह डीजल की आपूर्ति किसके माध्यम से करता था, इसकी जानकारी भी पुलिस जुटा रही है। इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों को भी पुलिस पकड़ने की तैयारी कर रही है। इस नकली डीजल को भारत से नेपाल में कौन सप्लाई करता है,यह पता करने में भी पुलिस लगी है।