पहाड़ समस्या पर राजनीति गरमाई
-अब कांग्रेस ने राज्य और केंद्र पर बोला हमला -गोरखाओं की परेशानी पर तत्काल विचार करने की
-अब कांग्रेस ने राज्य और केंद्र पर बोला हमला
-गोरखाओं की परेशानी पर तत्काल विचार करने की मांग
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी: पहाड़ समस्या को लेकर राजनीति गरमा गई है। अब दार्जिलिंग जिला कांग्रेस महासचिव अविराज सुब्बा ने पहाड़ समस्या का राजनीतिक तौर पर स्थाई समाधान किए जाने व पहचान के संकट से जूझ रहे गोर्खाओं के विभिन्न विषयों को उठाया। बुधवार को वे सिलीगुड़ी के विधान भवन में पत्रकारों के साथ बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पहाड़ पर लंबे समय से राजनीतिक अस्थिरता का माहौल रहा है। इसके चलते पहाड़ के लोगों को इसका खामियाजा भी भुगतना पड़ा है। राज्य व केंद्र सरकार को मिलकर पहाड़ समस्या का राजनैतिक तौर पर स्थाई समाधान निकालना चाहिए। दोनों सरकारों के चाहने से यह संभव है। अब समय आ गया है कि इस दिशा में आगे बढ़ा जाए। लेकिन केंद्र और राज्य सरकार समस्या समाधान की दिशा में कोई पहल नहीं कर रही है। सुब्बा ने इस मामले को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। इसके अलावा उन्होंने पहाड़ से संबंधित अन्य विषयों को भी उठाया। बताते चले कि इससे पहले मंगलवार को जीएनएलएफ की ओर से पहाड़ समस्या का राजनीतिक तौर पर स्थाई समाधान निकालने को लेकर पोस्टरिग की गई थी। वहीं लोकसभा के शीतकालीन सत्र में मंगलवार को सांसद गौरव गोगई की ओर से इस बारे में सवाल उठाया किया गया था, जिस पर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने जवाब दिया था। उन्होंने अपने जवाब में कहा है कि इस दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य सरकार को भी विश्वास में लिया गया है। ज्ञात हो कि पहाड़ की अधिकांश पार्टियां पहाड़ समस्या का राजनैतिक तौर पर स्थाई समाधान निकाले जाने के पक्ष में दिख रही हैं।