कानून-व्यवस्था पर आज आइपीएस अधिकारियों संग बैठक करेंगी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी
नगर निकाय चुनाव से पहले राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेने के लिए सोमवार को बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सभी जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों संग बैठक करेंगी।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। चंद महीने बाद होने वाले नगर निकाय चुनाव से पहले राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेने के लिए सोमवार को बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सभी जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों संग बैठक करेंगी।
मुख्यमंत्री नवान्न से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों से मुखातिब होंगी। बैठक में सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है। वहीं, नवान्न के 14वें माले पर बने कांफ्रेंस हाल में इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ मुख्य सचिव, गृह सचिव, पुलिस महानिदेशक व अन्य अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
मालूम हो कि मुख्यमंत्री ने पहले ही जिलों के अधिकारियों को कई निर्देश जारी कर रखा है। बीते दिनों सुश्री बनर्जी ने अधिकारियों को कहा था कि उन्हें जिलों में मॉनिटरिंग सिस्टम का सटीक संचालन देखना होगा। साथ ही इलाके में किसी बाहरी बदमाशों के प्रवेश पर नजर रखनी होगी, सीमावर्ती इलाकों में बाहर से आने वाले अपराधियों पर विशेष नजर रखने का भी सीएम ने निर्देश दे रखा है।
जंगलमहल के लिए मुख्यमंत्री ने माओवादी गतिविधियों पर विशेष नजर रखने को कहा था और इसके लिए दूसरे राज्यों की सीमाओं पर विशेष चौकसी बरतने को कहा गया था। समझा जाता है कि सोमवार को सीएम उक्त सभी मुद्दे पर अधिकारियों से जायजा लेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा-चक्रवात बुलबुल से हुए भारी नुकसान के लिए केंद्र से नहीं मिली मदद
विधानसभा में आज शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि राज्य में चक्रवात बुलबुल से भारी नुकसान हुआ है। नुकसान का मुआयना करने के लिए केंद्र सरकार की ओर से एक टीम भेजी गई थी लेकिन इसके बावजूद केंद्र से अभी तक कोई मदद नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि चक्रवात से राज्य को 23 हजार करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है जबकि 16 लोगों की मौत हुई है। राज्य सरकार की ओर से बुलबुल से हुए नुकसान के लिए 1200 करोड़ रुपए की सरकारी सहायता की मंजूरी दे दी गई।