नहाए-खाए के साथ छठ शुरू, खरना आज
जागरण संवाददाता सिलीगुड़ी नहाए-खाए के साथ छठ पर्व का शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। पू
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : नहाए-खाए के साथ छठ पर्व का शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। पूजन स्थल पर नदी तट से जल उठाकर स्थापित किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने बहुत ही शुद्धता के साथ भोजन पकाया। भोजन में अरवा चावल, दाल, लौकी को शामिल किया गया। प्रतिवर्ष छठ के मौके पर लौकी की कीमत आसमान छूती हुई नजर आती है। किंतु इस वर्ष इसके विपरीत लौकी की काफी कम कीमत नजर आई। दस रुपये में बड़ी-बड़ी लौकी बिकती हुई देखी गई। अवसर को लेकर सुबह से ही श्रद्धालुओं में उत्साह देखा गया। उनका कहना था कि छठ पर्व बहुत ही शुद्धता के साथ मनाया जाता है। इसलिए इस समय साफ-सफाई का विशेष ख्याल रखा जाता है। इसलिए बर्तन सहित जिस स्थान पर प्रसाद किया जाएगा वहां की साफ-सफाई कर ली गई है। चूंकि खरना का पालन शनिवार को किया जाएगा। इसलिए इसकी तैयारी की जा रही है। खरना की रात में प्रसाद बनाया जाएगा। कच्चा चूल्हा तैयार कर लिया गया है। चूल्हे पर ठेकुंआ इत्यादि बनाया जाएगा। इसलिए इस समय जोर-शोर से खरीदारी की जा रही है। प्रसाद की सामग्री को एक ही स्थान पर एकत्रित किया जा रहा है। इसी कड़ी के तहत बाजार में भी चहल-पहल नजर आई। श्रद्धालु सब्जी, फल इत्यादि की खरीदारी में व्यस्त नजर आए। उनका कहना था कि इस समय भीड़ कम है। इसलिए खरीदारी कर रहें हैं। एक-दो दिन में भीड़ बढ़ेगी इसलिए इस समय खरीदारी की जा रही हैं। त्योहारी मौसम को देखते हुए इस समय फलों की कीमत आसमान छू रही है।