West Bengal: अब शिक्षित बंगालियों के दिलों में भी जगह बनाएगी भाजपा
West Bengal BJP भाजपा के सूत्रों के अनुसार डॉ गंगोपाध्याय को बंगाल के शिक्षित समाज में भाजपा की विचारधारा का प्रचार करने की जिम्मेदारी दी गई है। बंगाल की यात्रा से लौटने पर खुद गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष ने डॉ गंगोपाध्याय को जिम्मेदारी सौंपी।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। West Bengal BJP: बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले बंगाली-गैर-बंगाली मुद्दे पर सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस के नेता भाजपा के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। ऐसे समय में भाजपा श्यामाप्रसाद मुखर्जी रिसर्च फाउंडेशन के निदेशक डॉ अनिर्बान गंगोपाध्याय को ग्रामीण से शहरी क्षेत्रों में शिक्षित बंगालियों का दिल जीतने के लिए मैदान में उतार रही है। भाजपा के सूत्रों के अनुसार, डॉ गंगोपाध्याय को बंगाल के शिक्षित समाज में भाजपा की विचारधारा का प्रचार करने की जिम्मेदारी दी गई है। दरअसल, बंगाल की यात्रा से लौटने पर खुद गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष ने डॉ गंगोपाध्याय को जिम्मेदारी सौंपी।
बंगाल भाजपा संगठन के महासचिव अमिताभ चक्रवर्ती इस कार्य में डॉ अनिर्बान गंगोपाध्याय का सहयोग करेंगे। फ्रेंच, अंग्रेजी, बांग्ला, तमिल समेत सात भाषाओं के गहन जानकार डॉ गंगोपाध्याय ने भारतीय राजनीति, अर्थशास्त्र और श्यामाप्रसाद मुखर्जी की शिक्षा नीति पर कई लोकप्रिय पुस्तकें भी लिखी हैं। इनमें पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत का विकास, भाजपा की विजय यात्रा में शाह का योगदान, श्यामा प्रसाद मुखर्जी की दूरदर्शिता आदि विषयों पर अंग्रेजी में चर्चित पुस्तकें हैं।
डॉ अनिर्बान गंगोपाध्याय ने अपना अधिकांश बचपन पांडिचेरी में ऋषि अरविंद के आश्रम में बिताया। उसके बाद डॉ गंगोपाध्याय ने पत्रकारिता में एमए किया और बाद में जादवपुर विश्वविद्यालय से एजुकेशन में पीएचडी की। श्यामाप्रसाद मुखर्जी रिसर्च फाउंडेशन ने उत्तर, दक्षिण और राढ बंगाल और नवद्वीप के कई हिस्सों में भाजपा के बौद्धिक अभियान के लिए संगठनात्मक विस्तार किया है। बर्धवान विश्वविद्यालय के राजनीति के प्रोफेसर अरिजीत भट्टाचार्य संगठन की ओर से इस काम के प्रभारी हैं।
इधर, रायगंज की सांसद व केंद्रीय राज्य मंत्री देवश्री चौधरी ने ममता सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद सुबे की महिलाएं पूरी तरह असुरक्षित हैं। राज्य में आए दिन दुष्कर्म की घटनाएं घटित हो रही है, मगर मुख्यमंत्री को इसकी कतई चिंता नहीं है। रविवार को कालियागंज शहर के सुकांत मोड़ भाजपा सदस्यों द्वारा जारी धरना प्रदर्शन में शामिल हुईं।