कोलकाता में विश्वकर्मा पूजा को श्रमशक्ति दिवस के रूप में मनाएगी भाजपा
प्रदेश भाजपा राज्य में अपने मिशन 2019 की ओर लगातार तेज गति से आगे बढ़ रही है। पार्टी हर वर्ग के लोगों को जोड़ने के लिए प्रयासरत है।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। प्रदेश भाजपा राज्य में अपने मिशन 2019 की ओर लगातार तेज गति से आगे बढ़ रही है। पार्टी हर वर्ग के लोगों को जोड़ने के लिए प्रयासरत है। इसी के तहत पार्टी के श्रमिक संगठन भारतीय जनता मजदूर ट्रेड यूनियन कांउसिल (बीजेएमटीयूसी) द्वारा 17 सितंबर को विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर श्रमशक्ति दिवस मनाया जाएगा।
इस इसके माध्यम से भाजपा हर वर्ग के वयोवृद्ध श्रमिकों का सम्मान करेगी। बीजेएमटीयूसी के प्रदेश महासचिव सुनील कोले ने बुधवार को यह जानकारी दी। वहीं बीजेएमटीयूसी के प्रदेश सचिव जगदीश यादव व सांगठानिक सचिव रमेन अधिकारी ने बताया कि उस दिन राज्यभर में उनकी यूनियन द्वारा श्रमशक्ति दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर हर जगह में कार्यरत विशेष कर वयोवृद्ध मोची, ठेला वालों, रिक्शा चालकों, वैन चालकों से लेकर हर स्तर के श्रमिकों के पास जाकर उन्हें कमल फूल प्रदान कर व मिठाइयां खिलाकर सम्मानित किया जाएगा।
कोले ने बताया कि उक्त लोग कहीं से भी श्रमशक्ति के नायक से कम नहीं है। देश, राज्य व समाज के निर्माण में इनकी अहम भूमिका है। बीजेएमटीयूसी के प्रदेश सचिव जगदीश यादव व सांगठानिक सचिव रमेन अधिकारी ने बताया कि इस दौरान उक्त श्रम नायकों को यूनियन के स्थानीय नेताओं का फोन नंबर प्रदान किया जाएगा ताकि इन्हें मदद मिल सके।
साथ ही इन्हें इनसे जुड़ी केंद्र सरकार की उन योजनाओं की जानकारी दी जाएगी जो श्रमिकों हित के लिए है। 15 सितंबर को पार्टी मुख्यालय समेत राज्यभर में 100 जगहों पर भाजपा के भारतीय किसान मोर्चा की ओर से भगवान बलराम की जयंती मनाई जाएगी। मोर्चा के अनुसार पूरे उत्तर भारत में भगवान बलराम को किसानों के देवता के रूप में पूजा जाता है।