बर्धमान विश्वविद्यालय में राज्यपाल धनखड़ द्वारा प्रो वाइस चांसलर की नियुक्ति के फैसले का भाजपा ने किया समर्थन
बर्धमान विवि के प्रो वाइस चांसलर की नियुक्ति पर राज्यपाल को मिला भाजपा का साथ कहा- सत्ता का दुरुपयोग कर रही ममता सरकार
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। बर्धमान विश्वविद्यालय में राज्यपाल जगदीप धनखड़ द्वारा प्रो वाइस चांसलर की नियुक्ति के फैसले का भाजपा ने समर्थन किया है। वहीं, राज्य सरकार ने इसे मानने से इंकार कर दिया है। इसके बाद मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिन्हा ने तृणमूल कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य सरकार राज्यपाल के खिलाफ सत्ता बल का दुरुपयोग कर रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने तीन नाम भेजे थे जिनमें से एक नाम को राज्यपाल ने बर्धमान विश्वविद्यालय के प्रो वाइस चांसलर के तौर पर मनोनीत किया है। बावजूद इसके राज्य सरकार उन्हीं तीन में से दूसरे प्रोफेसर को वाइस चांसलर बनाने पर तुली हुई है और राज्यपाल पर सवाल खड़ा कर रही है।
सिन्हा कहा कि यही रीति रही है कि सरकार नामों की सूची भेजती है और राज्यपाल उसका अनुमोदन करते हैं। उन्होंने सवाल किया कि जब राज्य सरकार को तीन में से चुने हुए व्यक्ति पसंद नहीं थे तो उनके नाम को राज्यपाल के पास क्यों भेजा गया?
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को इसका जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्यपाल के साथ राज्य सरकार जिस तरह का बर्ताव कर रही है, वह शर्मनाक है। सिन्हा ने कहा कि राज्य के शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी इस बारे में बेलगाम बयानबाजी कर रहे हैं। वह कह रहे हैं कि राज्य सरकार विश्वविद्यालय को चलाने के लिए पैसा देती है, इसलिए फैसला लेने का अधिकार केवल उनका है तो शिक्षा मंत्री बताएं कि क्या पैसे देकर उन्होंने लोगों को खरीद लिया है?
उल्लेखनीय है कि सोमवार को राज्यपाल ने कुलाधिपति के तौर पर अपने अधिकार का प्रयोग करते हुए बर्धमान विश्वविद्यालय के प्रो वाइस चांसलर के तौर पर गौतम चंद्र की नियुक्ति कर दी। इसे लेकर शिक्षा मंत्री ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रोफेसर गौतम चंद्र भाजपा के आदमी हैं और राज्यपाल विश्वविद्यालयों में भाजपा प्रतिनिधि की नियुक्ति कर रहे हैं। यह स्वीकार नहीं किया जाएगा।