रथ के नाम पर पांच सितारा होटल बनाएगी भाजपा: ममता
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी भाजपा की रथयात्रा पर मुंह खोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा राम के नाम पर वोट मांगेगी। इसके लिए वह बंगाल में भी रथयात्रा निकालने जा रही है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी भाजपा की रथयात्रा पर बात की है। उन्होंने कहा कि भाजपा राम के नाम पर वोट मांगेगी। इसके लिए वह बंगाल में भी रथयात्रा निकालने जा रही है। रथयात्रा के नाम पर भाजपा पांच सितारा होटल सजाएगी।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को बड़ाबाजार के पोस्ता में जगद्धात्री पूजा के उद्घाटन करने के बाद यह बातें कही। उन्होंने कहा कि रथ और भगवान राम के नाम पर भाजपा मतदाताओं को लुभा रही है। ममता ने छत्तीसगढ़ में मतदान के दौरान हिंसा का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां की भाजपा सरकार माओवादी गतिविधियां रोकने में विफल है।
बंगाल में भी माओवादी अपनी गतिविधियां चला रहे थे। लेकिन मात्र दो वर्ष में उन्होंने बंगाल में माओवादी समस्या पर अंकुश लगा दिया। उन्होंने कहा कि माओवादी समस्या का हल करने में भी पश्चिम बंगाल देश में मॉडल बनेगा। भाजपा शासित राज्य में सरकार की लापरवाही से माओवादी गतिविधियां बढ़ रही है।
उन्होंने मतदान में हिंसा के लिए छत्तीसगढ़ सरकार के साथ केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को भी जिम्मेदार ठहराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और कुछ राज्यों की भाजपा सरकार के विकास कार्य नहीं करने के कारण नक्सली समस्या बढ़ रही है।
झारखंड में भी भाजपा सरकार विकास कार्य पर ध्यान नहीं दे रही है। इसलिए वहां भी नक्सली गतिविधियां बढ़ेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल में आदिवासी और पिछड़े क्षेत्रों में विकास कार्य तेज हुआ है। इसलिए बंगाल में नक्सली गतिविधियां लगभग बंद हो चुकी है।