Move to Jagran APP

..और हो गई सुबह होते ही रात!

शहर में मंगलवार को सुबह वैसी ही हुई जैसी अमूमन होती है। मौसम साफ था और सूरज दमक रहा था अचानक बादल छाए और हवा तेज बहने लगी। देखते ही देखते अंधेरा छा गए और फिर क्या झमाझम बारिश शुरू हो गई।

By JagranEdited By: Published: Tue, 26 Mar 2019 11:06 PM (IST)Updated: Tue, 26 Mar 2019 11:06 PM (IST)
..और हो गई सुबह होते ही रात!
..और हो गई सुबह होते ही रात!

जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी :

loksabha election banner

शहर में मंगलवार को सुबह वैसी ही हुई जैसी अमूमन होती है। मौसम साफ था। सूरज दमकता हुआ। धूप खिली हुई। हल्की-फुल्की ठंडी हवाएं। कुल मिला कर मौसम सुहाना था। मैदानों में मॉर्निग वॉक और एक्सरसाइज वालों की चहल-पहल थी। घरों में बच्चे स्कूल के लिए तो बड़े दफ्तर वगैरह की तैयारी में लगे थे। कहीं-कहीं स्कूल शुरू भी हो गए थे। दुकानें व बाजार खुलने लगे थे। सुबह के आठ साढ़े आठ बज चुके थे। सड़कों पर वाहनों की आवाजाही रफ्तार पकड़ चुकी थी। दिन खिल चुका था कि अचानक फिर रात हो गई।

आसमान में यकायक घने-काले बादल उमड़ पड़े। चारों ओर घुप्प अंधेरा छा गया। हवा तेज होने लगी। इससे पहले कि कोई कुछ समझता, कुछ करता कि बादल गरजने लगे, बिजली कड़कने लगी हवा ने आंधी का रूप धर लिया और आन की आन में सुहाना मौसम मुसीबत बन गया। मिली जानकारी के मुताबिक 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज रफ्तार से हवा चली। इससे जगह-जगह भारी क्षति पहुंची। खास कर शहर के निकट ग्रामीण क्षेत्रों में कई कच्चे मकानों की छतें उड़ गई। शहर व आस-पास में जगह-जगह कई पेड़ गिर पड़े। बिजली के खंभे व तार सड़कों पर आ पड़े। वह तो शुक्र कि बिजली कटी हुई थी सो बिजली के नंगे तारों के गिरने से कहीं जान-माल की क्षति नहीं हुई। शहर में शायद ही कोई होर्डिग सलामत बची। सारी की सारी होर्डिग के चीथड़े उड़ गए। शहर में जगह-जगह स्कूल बसें भी फंस गई। बड़ी मुश्किल से स्कूल पहुंच पाई।

शहर के एस. एफ रोड पर एक पेड़ गिर पड़ा। हाशमी चौक पर ट्रैफिक पोस्ट उलट गया। मेघदूत सिनेमा से थोड़ा आगे हिलकार्ट रोड पर बीचों-बीच खड़े किए गए ट्रैफिक पुलिस के अनेक रोड डिवाइडर बैरिकेड गिर पड़े। बाबू पाड़ा में गोशाला के निकट एक बिजली का खंभा व एक पेड़ गिर पड़ा। उससे एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया। एक व्यक्ति घायल हो गया। चारों ओर लोग दहशत में आ गए। सुबह साढ़े आठ बजे रात के साढ़े आठ बजे जैसा अंधेरा छा गया। खैर, लगभग आधे घंटे में आंधी व उसका प्रभाव शांत हुआ। धीरे-धीरे अंधेरा छंटने लगा। लोगों ने तब जा कर राहत की सांस ली जब दो घंटे बाद दिन के 10 बजे से फिर मौसम ने सामान्य रुख अपनाया। वैसे इस दो घंटे के दौरान लोगों के बीच मोबाइल पर गुड मॉर्निग व गुड नाइट मैसेज संग-संग चला।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.