शीतलकूची की मौत के लिए मुख्यमंत्री जिम्मेदार :अमित शाह
-कहा बंगाल की जनता त्यागपत्र मांगे अमित शाह तैयार दीदी को दो मई को देना होगा त्यागपत्र
-कहा, बंगाल की जनता त्यागपत्र मांगे अमित शाह तैयार, दीदी को दो मई को देना होगा त्यागपत्र
-आनंद बर्मन के लिए ममता के नहीं निकले आंसू, मारा गया युवक था राजवंशी
-पांचवे चरण में भाजपा बढ़ रही बहुमत की ओर, भाजपा के शासनकाल में नहीं जाएगा एक भी जान
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : उत्तर बंगाल के अपने चुनावी दौरे में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने धुपगुड़ी में सोमवार को कालिम्पोंग के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि शीतलकूची में सीआइएसएफ के गोली से मारे गये युवाओं के लिए सिर्फ और सिर्फ कोई जिम्मेदार है तो वह है मुख्यमंत्री ममता बनर्जी। उन्होंने ममता बनर्जी को सीधे निशाने पर लिया और कहा कि चौथे चरण के चुनाव में ममता बनर्जी ने लोगों को उसकाया। बूथ लूट लो, सेंट्रल फोर्स का घेराव करो। उसका नतीजा सामने है।
हिसक घटना का उन्हें काफी दु:ख है। मौत चाहे किसी भी हो वह दर्द देता है। लेकिन लाश पर राजनीति नहीं करता। यह इसलिए कहने आया हूं कि उसी दिन चार नहीं पांच की मौत हुई थी। इसी विधानसभा में आनंद बर्मन नामक युवक अपना पहला वोट देने गया था। उसे तृणमूल कांग्रेस के गुंडों ने गोली मार दी। उसके लिए एक शब्द भी ममता बनर्जी के नहीं निकले। क्योंकि वह उनका वोट बैंक नहीं था वह तो राजवंशी था। गृहमंत्री ने कहा कि आज मुख्यमंत्री मेरा त्यागपत्र मांग रही है। बंगाल की जनता त्यागपत्र मांगे अमित शाह तुरंत त्यागपत्र सौंप देगा। लेकिन जो खुद दो मई को दिन के दो बजे राज्यपाल को त्यागपत्र देने वाली है वह मेरा त्यागपत्र कैसे मांग सकती है। देश से बांग्लादेशी घुसपैठ को बाहर निकालने के लिए भाजपा कदम उठा रही है तो ममता बनर्र्जी के पेट में दर्द हो रहा है। क्या घुसपैठियों को निकाल बाहर होना चाहिए कि नहीं? जबाव आया हा। ये घुसपैठ हमारे युवाओं के रोजगार हड़प रहे है। उसे निकाल बाहर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चौथे चरण के चुनाव में ही 92 सीटों पर भाजपा ने बढ़त बना ली है और पांचवे चरण में वह बहुमत की ओर बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि उत्तर बंगाल के राजवंशी समाज के युवाओं को लेकर नारायणी सेना का गठन होगा। बागडोगरा में इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनेगा। चाय बागान में काम करने वाले मजदूरों को 350 रुपये दैनिक भत्ता मिलेगा। सिलीगुड़ी से कोलकाता जाने के लिए 700 किलोमीटर सुभाष चंद्र हाइवे का निर्माण होगा। इसके माध्यम से मात्र तीन से चार घंटे में कोलकाता तक पहुंचा जाएगा। जमीन का पट्टा, पक्का मकान, उत्तर बंगाल में एम्स, बंगाल की बेटी को केजी से पीजी तक की मुफ्त शिक्षा, महिलाओं की यात्रा फ्री, नौकरी में 33 प्रतिशत आरक्षण, सिलीगुड़ी में मेगा फूड पार्क, चाय पार्क, आईटी पार्क, केंद्रीय विश्वविद्यालय का सपना पूरा होगा। उन्होंने आह्वान किया कि उत्तर बंगाल के सभी सीटों पर भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाए और पूर्ण बहुमत से बंगाल में भाजपा की सरकार बनाएं। किसी माई के लाल में हिम्मत नहीं है कि किसी वोटर को वोट डालने से रोक सके। तृणमूल कांग्रेस के गुंडों को कहने आए है कि दो मई के बाद उनका क्या हाल होगा वह सोच लें। यहां की जनसभा के बाद वे हेमताबाद उत्तर दिनाजपुर में जनसभा के लिए रवाना हो गये।