रहस्यमय ढंग से लापता युवक का शव मिला
विगत 25 दिसंबर से रहस्यमयी ढंग से लापता एक युवक का शव पुलिस ने बरामद किया है। हत्यारा दंपति को गिरफ्तार कर लिया गया है।
By Edited By: Published: Sat, 12 Jan 2019 09:07 PM (IST)Updated: Sat, 12 Jan 2019 09:08 PM (IST)
संवाद सूत्र, माथाभांगा : विगत 25 दिसंबर से रहस्यमयी ढंग से लापता एक नंबर ब्लॉक के नयार हाट ग्राम पंचायत के पानीग्राम निवासी रंजन सरकार का शव पुलिस ने बरामद किया है। शुक्रवार की शाम को दो नंबर ब्लॉक के पश्चिम मुकुलडांगा इलाके के जलढाका नदी के किनारे से उसका शव मिला। पुलिस का अनुमान है कि उसकी हत्या के बाद शव को मिट्टी में दफना दिया गया। स्थानीय लोगों ने वहां शव रहने की खबर पुलिस को दी। पुलिस ने रंजन के परिजनों की शिकायत के आधार पर स्थानीय महिला रमा बारुई व उसके पति अमल बारुई को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में दोनों ने रंजन की हत्या की बात स्वीकारी है। शनिवार को दोनों अपरोधियों को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दोनों को 14 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, रंजन दूसरे राज्य में काम करता था। हाल ही में वह अपने गांव आया था। स्थानीय रमा बारुई नामक एक महिला के साथ रंजन का अवैध संबंध था। इसका खुलासा होते ही रंजन अचानक लापता हो गया था। उसके परिजनों की ओर से माथाभांगा थाना में लापता संबंधी शिकायत दर्ज कराई गई थी।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें