एनजीओ की महिलाओं ने किया हंगामा
संवाद सहयोगी पांडवेश्वर पांडवेश्वर थाना क्षेत्र के डालूरबांध इलाके के न्यू सेंटर में समर्पण्
संवाद सहयोगी, पांडवेश्वर : पांडवेश्वर थाना क्षेत्र के डालूरबांध इलाके के न्यू सेंटर में समर्पण सेवा ट्रस्ट से जुड़ी महिलाओं ने पदाधिकारियों के घर पर हंगामा किया। जहां पदाधिकारियों पर नौकरी दिलाने के नाम पर पैसों की ठगी करने का आरोप लगाया गया। महिलाओं के प्रदर्शन के बाद पदाधिकारी किसी तरह वहां से बचकर निकल गए। सूचना मिलने पर पांडवेश्वर थाना की पुलिस पहुंची एवं स्थिति को नियंत्रित किया। हालांकि ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने आरोप को पूरी तरह गलत एवं राजनीति से प्रेरित बताया। पांडवेश्वर में बिदू एवं अरूण मिलकर समर्पण सेवा ट्रस्ट नामक एनजीओ चलाते थे। जिसमें युवतियों को मुफ्त में सिलाई का प्रशिक्षण दिया जाता था, वहीं सामाजिक दायित्वों को भी अंजाम दिया जाता था। ट्रस्ट से इलाके की कई गरीब महिलाएं भी जुड़ी हुई थी। जहां महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए नमकीन व अन्य सामग्री बनाकर बेची जाती थी। लेकिन कोरोना महामारी के समय से काम बंद हो गया। बुधवार को अचानक दो सौ से अधिक महिला एवं पुरुष अरूण के घर पर पहुंच गए एवं हंगामा शुरू कर दिया। जहां आरोप लगाया कि हमलोगों से 5-10 हजार रुपया इन लोगों ने लिया था एवं नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया था। लेकिन किसी को इन लोगों ने अब तक नौकरी नहीं दिलाई। हमलोगों के साथ धोखाधड़ी की गई है। हमलोगों का रुपया वापस करना होगा। स्थानीय तृणमूल नेता संतोष पासवान ने कहा ट्रस्ट के नाम पर उन दोनों ने लोगों के साथ ठगी की है। पुलिस को मामले की जांच कर कार्रवाई करनी चाहिए। हंगामे की सूचना मिलने पर पांडवेश्वर थाना की पुलिस पहुंची एवं स्थिति को नियंत्रित किया। वहीं बिदू और अरूण ने आरोप को गलत बताया। उन्होंने बताया कि राजनीति साजिश के तहत हमलोगों को फंसाया जा रहा है। ट्रस्ट से जुड़ी सभी महिलाएं गरीब है। हमलोग महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए नि:शुल्क सिलाई सेंटर चलाते थे। महिलाओं को मोहरा बनाया जा रहा है।