शहर को सुंदर बनाना लक्ष्य, केंद्र कर रहा उपेक्षा
आसनसोल आसनसोल नगर निगम के पुनर्गठित प्रशासकीय बोर्ड के चेयरमैन का दायित्व अमरनाथ चटर्जी न
आसनसोल : आसनसोल नगर निगम के पुनर्गठित प्रशासकीय बोर्ड के चेयरमैन का दायित्व अमरनाथ चटर्जी ने सोमवार को संभाला। इसके साथ ही बोर्ड में शामिल नई सदस्य तबस्सुम आरा ने भी दायित्व संभाल लिया। इसके पहले अमरनाथ चटर्जी ने समर्थकों के साथ जुलूस लेकर डिपोपाड़ा से सिटी बस स्टैंड तक गए। वहां विभिन्न हिस्सों से आए जुलूस के साथ मिलकर जीटी रोड होते हुए निगम मुख्यालय तक जुलूस लेकर आए। इस दौरान जमकर आतिशबाजी व फूलों की बारिश हुई। निगम मुख्यालय में लड्डू बांटे गए। इस दौरान बोर्ड सदस्य अभिजीत घटक, पूर्व पार्षद शिखा घटक, अल्पना बनर्जी, गुरुदास चटर्जी, टीएमसी नेता उत्पल सिन्हा, महावीर स्थान के अरुण शर्मा, गोविद शर्मा, प्रकाश दीवान, बाबन बनर्जी, रवि चटर्जी, आकाश चटर्जी, अनिर्बाण चटर्जी आदि मौजूद थे।
.....
विकास के लिए केंद्र ने दिए मात्र 50 करोड़ : अमरनाथ
निगम मुख्यालय में कार्यालय अधीक्षक वीरेंद्रनाथ अधिकारी ने अमरनाथ चटर्जी को पत्र पर हस्ताक्षर करवाया तथा गुलदस्ता देकर सम्मानित किया। इसके बाद उन्होंने निगमायुक्त नितिन सिघानिया व बोर्ड सदस्यों के साथ बैठक की। चेयरपर्सन अमरनाथ चटर्जी ने कहा कि आसनसोल शहर के लोगों को बेहतर नागरिक सेवा देने के साथ ही शहर को सुंदर बनाना ही उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा शहर के विकास के लिए फंड नहीं दिया जा रहा है। मात्र 50 करोड़ रुपये दिए गए थे, जो विभिन्न कार्यों पर खर्च हो चुके हैं। इतने बड़े शहर के लिए 50 करोड़ की राशि से क्या होगा। उन्होंने कहा कि अगर केंद्र ने विकास के लिए राशि दी है तो सांसद बाबुल सुप्रियो उसका पत्र दिखाए। उन्होंने कहा कि प्यार व बिना भेदभाव के सभी को साथ लेकर कार्य करूंगा। अभिजीत घटक ने कहा कि काफी समय के बाद योग्य एवं उचित व्यक्ति को उचित पद पर दायित्व दिया गया है।