चुनाव के पहले चेहरा बदलने का टीएमसी ने नहीं लिया रिस्क
आसनसोल तृणमूल कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों की घोषणा बहुत जल्द की जा सकती है। करीब एक मा
आसनसोल : तृणमूल कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों की घोषणा बहुत जल्द की जा सकती है। करीब एक माह से लंबित ब्लॉक अध्यक्षों के घोषणा का शिल्पांचल के तृणमूल कार्यकर्ताओं को बेसब्री से इंतजार है। कोलकाता में शनिवार की रात इसे लेकर अहम बैठक भी हुई। जिसमें सभी ब्लॉक को लेकर सहमति भी बन चुकी है। अब सिर्फ आधिकारिक घोषणा का इंतजार बाकी रह गया है। आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार चुनाव करीब होने के कारण टीएमसी नेतृत्व ने ब्लॉक में चेहरा बदलने का रिस्क नहीं लिया है। अधिकांश ब्लॉक में पुराने लोगों पर ही भरोसा जताया गया है। रिक्त ब्लॉक में नए चेहरों को मौका दिया गया है, इसके साथ ही एक-दो ब्लॉक में ही बदलाव किए गए हैं। आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आसनसोल उत्तर के दोनों ब्लॉक में क्रमश: गुरुदास चटर्जी राकेट और उत्पल सिन्हा, बाराबनी में असित सिंह, सालानपुर में मो. अरमान, आसनसोल दक्षिण में लखन ठाकुर, पांडेश्वर में नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती, लावदोहा में सुजीत मुखर्जी, जामुड़िया ब्लॉक एक में साधन राय पर ही फिर से पार्टी भरोसा जता रही है। वहीं जामुड़िया ब्लॉक दो में सुकुमार भट्टाचार्या, रानीगंज ब्लॉक टाउन में कंचन तिवारी को मौका मिलने की पूरी संभावना है। वहीं कुल्टी में नए चेहरे को जिम्मेदारी दी जा रही है। वहीं दुर्गापुर के खाली ब्लॉक पर भी अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी गई है। गौरतलब है कि जिले में कुल 18 ब्लॉक हैं। तृणमूल कांग्रेस द्वारा बीते 23 जुलाई को नए सिरे से जिला कमेटियों का गठन किया गया था। इसके बाद सभी कमेटियां भंग कर दी गई थी। तब से ही तरह-तरह की अटकलें ब्लॉक अध्यक्षों को लेकर लगायी जा रही थी। जिलास्तर से नेताओं ने सूची भी बनाकर भेजी थी।